रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बहराइच:गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक, दो युवकों की मौत; ओवरटेक करते समय हुआ हादसा – Bike Collided With Tractor-trolley Loaded With Sugarcane In Bahraich Two Young Men Died
बहराइच

बहराइच:गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक, दो युवकों की मौत; ओवरटेक करते समय हुआ हादसा – Bike Collided With Tractor-trolley Loaded With Sugarcane In Bahraich Two Young Men Died

November 27, 2026


bike collided with tractor-trolley loaded with sugarcane In Bahraich two young men died

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।

विस्तार

यूपी में बहराइच के मोतीपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। दुर्घटना के चलते मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।

ग्राम पंचायत चुरवा के मजरा खमरिया निवासी गुरदीन (23) और करन (19) शुक्रवार शाम बाइक से घरेलू सामान खरीदने गायघाट बाजार जा रहे थे। कुड़वा डगरा के पास आगे गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी। उसे ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। हादसे में दोनों युवकों के सिर फट गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। हादसा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इससे आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर मोतीपुर थाना प्रभारी ब्रह्मा गोंड पुलिस बल के साथ पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच मोतीपुर थाना प्रभारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।

घटनास्थल पर मौजूद थाना प्रभारी ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने हुए थे। इसके चलते दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। संभवत: सिर में चोट लगने से ही दोनों की मौत हुई है। हेलमेट लगाए होने पर शायद उनकी जान बच जाती।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X