शिकोहाबाद के गांव बनीपुर में पुत्रवधू और उसके मायके पक्ष की पिटाई से सदमे में आकर ससुर की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव बनीपुर निवासी रमेश चंद्र (62) के दो पुत्र रघुनाथ एवं मोहनदत्त हैं। रघुनाथ का विवाह 14 वर्ष पहले गांव लडुपुरा थाना सिरसागंज में हुआ था। दो बच्चे हैं। रघुनाथ दिल्ली में हलवाई का काम करते हैं। रघुनाथ के बड़े भाई मोहनदत्त का आरोप है कि 23 नवम्बर को रघुनाथ की पत्नी नीतू के परिजन गांव में आए थे। उन्होंने मारपीट करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि पुत्रवधू, उसके दो भाई और पिता ने मारपीट कर दी। पुत्रवधू की पिटाई से आहत होकर रमेश चंद्र की हालत नाजुक हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए शिकोहाबाद लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा है।