शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मां की ये 3 बीमारियां बन सकती हैं गर्भ में बच्चे की मौत की वजह, जानें बचाव का तरीका
लाइफ़स्टाइल

मां की ये 3 बीमारियां बन सकती हैं गर्भ में बच्चे की मौत की वजह, जानें बचाव का तरीका

November 10, 2026


फरीदाबाद: प्रेग्नेंसी के दौरान हर माता-पिता की यही इच्छा होती है कि उनका बच्चा स्वस्थ पैदा हो. लेकिन कई बार सब कुछ सामान्य चलने के बावजूद गर्भ में अचानक बच्चे की धड़कन बंद हो जाती है. ऐसी स्थिति परिवार के लिए बेहद दुखद होती है. आखिर ऐसा क्यों होता है और क्या समय रहते इस खतरे को कम किया जा सकता है? इस बारे में Local18 ने फरीदाबाद के अमृता हॉस्पिटल की हेड, पीजी मेडिसिन डॉ. रीमा भट्ट से खास बातचीत की.

गर्भ में बच्चे की धड़कन बंद होने के पीछे हो सकते हैं कई कारण

डॉ. रीमा भट्ट ने बताया कि गर्भ में बच्चे की धड़कन बंद होने के कई कारण हो सकते हैं. मां को डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या APLA सिंड्रोम जैसी इम्यून सिस्टम से जुड़ी समस्या हो सकती है. इसके अलावा बच्चे में जेनेटिक या क्रोमोसोम से जुड़ी गड़बड़ी भी इसकी वजह बन सकती है. अगर किसी महिला के साथ ऐसा होता है तो इसके पीछे की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच कराना बहुत जरूरी है.

मां को डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर होने पर बढ़ सकता है खतरा

डॉ. रीमा बताती हैं कि अगर मां की शुगर कंट्रोल में नहीं है या ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा बढ़ा हुआ है तो बच्चे की जान को खतरा हो सकता है. डायबिटीज की स्थिति में बच्चा सामान्य से बड़ा हो सकता है, लेकिन उसके फेफड़ों का विकास पूरी तरह नहीं हो पाता. वहीं, हाई ब्लड प्रेशर के कारण बच्चे तक पर्याप्त खून नहीं पहुंच पाता, जिससे उसकी धड़कन बंद होने का खतरा रहता है.

प्लेसेंटा में खून की सप्लाई कम होने से प्रभावित होती है बच्चे की ग्रोथ

डॉक्टर रीमा बताती है कि बच्चे को मां से ऑक्सीजन और जरूरी पोषण पहुंचाने में प्लेसेंटा यानी गर्भनाल से जुड़ा हिस्सा अहम भूमिका निभाता है. अगर हाई ब्लड प्रेशर के कारण इसकी खून पहुंचाने वाली नसें सिकुड़ जाती हैं तो बच्चे को पर्याप्त ब्लड सप्लाई नहीं मिलती. इसका असर उसकी ग्रोथ पर पड़ता है और गंभीर स्थिति में उसकी जान भी जा सकती है.

पिछली प्रेग्नेंसी में बच्चे की मौत हुई हो तो अगली बार बरतें विशेष सावधानी

डॉ. रीमा बताती है कि जिस महिला की पिछली प्रेग्नेंसी में बच्चे की गर्भ में मौत हो चुकी है, उसे अगली प्रेग्नेंसी में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. सबसे पहले यह पता लगाना जरूरी है कि पिछली बार ऐसा क्यों हुआ था. डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, प्लेसेंटा में परेशानी या जेनेटिक समस्या की जांच करानी चाहिए. ऐसी प्रेग्नेंसी को हाई रिस्क माना जाता है. इसलिए 12वें सप्ताह यानी तीन महीने से लेकर डिलीवरी तक हाई रिस्क प्रेग्नेंसी यूनिट या फीटल मेडिसिन सेंटर में नियमित जांच करानी चाहिए.

अल्ट्रासाउंड और आधुनिक मेडिकल तकनीक से कम किया जा सकता है खतरा

डॉक्टर रीमा बताती है कि आधुनिक मेडिकल तकनीक से इस खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है. प्रेग्नेंसी के शुरुआती तीन महीनों में अल्ट्रासाउंड बेहद जरूरी है. इससे पता लगाया जाता है कि महिला को हाई ब्लड प्रेशर या प्लेसेंटा से जुड़ी परेशानी होने का खतरा तो नहीं है. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर एस्पिरिन जैसी दवा शुरू कर सकते हैं. वहीं, डायबिटीज का खतरा होने पर गर्भवती महिला की ज्यादा निगरानी और बार-बार जांच की जाती है, ताकि समय रहते परेशानी का पता लगाकर बच्चे को सुरक्षित रखा जा सके.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X