शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका की जेसीबी चालक ने गलाघोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद चाकू से गला काट दिया और शव को गांव बवनपुरा के जंगल में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 40 दिन बाद मंगलवार को युवती का कंकाल जंगल से बरामद किया। आरोपी ने पिछले डेढ़ वर्षों से संबंध में रही प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी जान ले ली।
एएसपी देहात गौतम राय ने मंगलवार को बताया कि थाना चांदपुर में आठ नवंबर को गांव कुतुबपुर गांवड़ी निवासी रेखा देवी ने अपनी बेटी राखी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि राखी के माता-पिता को लग रहा था कि राखी अपने प्रेमी विकास के साथ शादी कर ली है। इसलिए उन्होंने पहले रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई। इस बीच उन्होंने कई बार राखी को फोन किया लेकिन फोन बंद मिला।