राजस्थान:केकड़ी की तीन ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव पर बवाल, धांधली के आरोप लेकर कोर्ट पहुंचे प्रत्याशी – Allegations Of Irregularities In Counting Of Votes For Sarpanch Posts In 3 Gram Panchayats Of Kekri Area
पंचायतराज चुनाव के तहत केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव की मतगणना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कैरोट, चांदमा और टांकावास ग्राम पंचायतों के पराजित सरपंच प्रत्याशियों ने मतगणना में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए न्यायालय में चुनाव याचिकाएं दायर की हैं। याचिकाओं में चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निर्वाचन परिणाम निरस्त करने, दोबारा मतगणना कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
कैरोट ग्राम पंचायत (भिनाय पंचायत समिति)
केकड़ी क्षेत्र की भिनाय पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कैरोट में सरपंच चुनाव को लेकर प्रत्याशी भैरूलाल गुर्जर ने जिला न्यायालय अजमेर में राजस्थान पंचायती राज अधिनियम के तहत चुनाव याचिका दायर की है। इसमें निर्वाचित सरपंच शौकीन लाल तेली का निर्वाचन निरस्त करने और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की न्यायिक जांच कराने की मांग की गई है।
याचिका के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत कैरोट में सरपंच पद के लिए मतदान हुआ था। पंचायत के कुल 3480 मतदाताओं में से 2952 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। भैरूलाल गुर्जर ने मतगणना के दौरान कई गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि निर्वाचन अधिकारी ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया। मतपत्रों की गिनती और बंडल तैयार करने में अनियमितता बरती गई तथा प्रत्याशियों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों का उचित निस्तारण नहीं किया गया।
याचिकाकर्ता का दावा है कि मतदान में पड़े कुल 2952 मतों के मुकाबले मतगणना में 2947 मतों का ही हिसाब दर्शाया गया। पांच मतों के अंतर का कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। इसके अलावा उनके पक्ष में पड़े 29 मतपत्रों को भी कथित रूप से अवैध तरीके से खारिज कर दिया गया।
याचिका में चुनाव प्रक्रिया में बाहरी हस्तक्षेप, निर्वाचन अधिकारी की भूमिका और मतगणना स्थल पर हुई घटनाओं की जांच कराने की मांग की गई है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज, मतगणना की मूल रिकॉर्डिंग, मतपत्रों का विवरण और निर्वाचन अभिलेख न्यायालय में प्रस्तुत कराने का अनुरोध किया गया है। मामले में अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी।
चांदमा ग्राम पंचायत (सरवाड़ पंचायत समिति)
केकड़ी क्षेत्र की सरवाड़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत चांदमा में भी सरपंच चुनाव का विवाद न्यायालय पहुंच गया है। ओबीसी महिला के लिए आरक्षित इस पंचायत में सरपंच पद की पराजित प्रत्याशी जशोदा देवी पत्नी गोपाल गुर्जर ने मतगणना में कथित गड़बड़ी की शिकायत करते हुए अजमेर के जिला न्यायालय में चुनाव याचिका दायर की है। याचिका राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 43 और राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 80 के तहत प्रस्तुत की गई है।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि विधायक के दबाव में मतगणना में गड़बड़ी की गई, जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित हुआ। उनका कहना है कि उन्हें छह मतों से हराया गया। याचिका में बताया गया है कि कुछ मतपत्रों पर प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिह्न में अंतर था। इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराने और पुनर्मतगणना का आवेदन देने के बावजूद उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई।
याचिका में कथित फर्जी मतपत्र मतपेटियों में डालने, मतगणना के दौरान मतपेटी ले जाने की कोशिश करने, मतपत्रों का पूरा हिसाब नहीं देने और याचिकाकर्ता के अधिकृत अभिकर्ताओं को मतगणना स्थल से बाहर रखने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
याचिकाकर्ता ने मतदान और मतगणना से जुड़े दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और अन्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखकर न्यायालय में प्रस्तुत कराने की मांग की है। याचिका में विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित कई अधिकारियों और अन्य लोगों को प्रतिवादी बनाया गया है। साथ ही न्यायालय की निगरानी में मतपत्रों की जांच और पुनर्मतगणना कराने तथा उसके आधार पर चुनाव परिणाम घोषित करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता ने सरपंच राजू देवी के पक्ष में दिए गए आदेश को शून्य घोषित करने की गुहार भी लगाई है।
टांकावास ग्राम पंचायत (सावर पंचायत समिति)
केकड़ी क्षेत्र की सावर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत टांकावास में 24 अक्टूबर को हुए सरपंच चुनाव का विवाद भी अदालत पहुंच गया है। चुनाव में धांधली, मतपेटियों की सुरक्षा में लापरवाही और मतगणना में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-5, अजमेर के समक्ष चुनाव याचिका दायर की गई है।
सरपंच पद के दो प्रत्याशियों कन्हैयालाल पुत्र मगनाराम और मूलचंद पुत्र उगमाराम ने याचिका में घोषित चुनाव परिणाम को अवैध और शून्य घोषित करने तथा दोबारा मतगणना या नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की है।
याचिका में मतदान के बाद मतपेटियां रखने के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि कमरे को नियमानुसार लॉक नहीं किया गया था और खिड़की में तीन जगह छेद थे। मतपेटियों को बिना पूर्व सूचना एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने का आरोप भी लगाया गया है।
याचिका के मुताबिक, कक्ष के बाहर जमीन पर कटे-फटे मतपत्र मिले थे। पोलिंग पार्टी के रवाना होने के बाद परिसर के एक खुले कमरे में रिटर्निंग अधिकारी के हस्ताक्षर वाले खाली मतपत्र और एक प्रत्याशी के पक्ष में मुहर लगे मतपत्र मिलने का भी दावा किया गया है। याचिकाकर्ताओं ने वहां शराब के खाली पव्वे मिलने की बात भी कही है। उनका दावा है कि इन घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई थी।
मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए याचिका में कहा गया है कि पोलिंग अधिकारियों के पास मोबाइल फोन थे और कर्मचारी बार-बार मतगणना कक्ष से बाहर आते-जाते रहे। बूथवार मतगणना नहीं कराई गई और सीसीटीवी फुटेज व वीडियो रिकॉर्डिंग दिखाने से भी इनकार कर दिया गया। आरोप है कि मतपत्रों को प्रत्याशियों को दिखाने के बजाय कर्मचारियों के घेरे में रखकर गिना गया। याचिकाकर्ताओं का दावा है कि खारिज किए जाने योग्य और अन्य प्रत्याशियों के मत कथित तौर पर विजयी प्रत्याशी के खाते में जोड़ दिए गए।
याचिकाकर्ताओं ने अदालत से चुनाव प्रक्रिया निरस्त करने, मतपेटियों की दोबारा जांच, पुनर्मतगणना या नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की है। इसके अलावा स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना दिवस के सभी सीसीटीवी फुटेज व वीडियो रिकॉर्डिंग न्यायालय में प्रस्तुत कराने का अनुरोध किया गया है। याचिका में विजेता प्रत्याशी रामदेव सहित अन्य प्रत्याशियों, रिटर्निंग अधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी को अप्रार्थी बनाया गया है। मामले में अगली सुनवाई 28 नवंबर 2026 को होगी।
