भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जोधपुर में विद्यार्थियों के खान-पान की व्यवस्था संभालने वाली ठेका फर्म के संचालक के खिलाफ 42 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। भदवासिया निवासी अशोक दाधीच की शिकायत पर करवड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी संचालक पर किराना और सब्जियों की आपूर्ति का बकाया भुगतान न करने तथा पैसे मांगने पर विक्रेता को धमकाने का आरोप लगा है।
बकाया भुगतान और धमकी का मामला
पीड़ित अशोक दाधीच की फर्म अनंत एंटरप्राइजेज ने 1 नवंबर, 2025 से फरवरी, 2026 के बीच कैंटीन में हरी सब्जियों, किराना और अन्य सामान की आपूर्ति की थी। आईआईटी परिसर में विद्यार्थियों के खाने का टेंडर शीला ट्रेडर्स नामक फर्म के पास था, जो 31 अक्तूबर को समाप्त हो चुका है। आपूर्ति किए गए सामान का करीब 42 लाख रुपये भुगतान बकाया है। परिवादी ने जब अपनी बकाया राशि मांगी तो संचालक ने भुगतान करने में लगातार आनाकानी की। आरोप है कि बार-बार पैसे मांगने पर आरोपी ने रुपये देने के बजाय परिवादी को धमकियां दीं।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संचालक के इस रवैये और मानसिक परेशानी से तंग आकर परिवादी ने पुलिस थाने में शिकायत दी। करवड़ थाना पुलिस ने नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी और हाल आईआईटी जोधपुर में रह रहे संचालक मुकेश कल्लुराय के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पर लगातार सामान लेकर पैसे नहीं देने और मांगने पर धमकाने का आरोप है। मामले की जांच कर रहे सहायक उपनिरीक्षक कुंभाराम ने बताया कि परिवादी अशोक दाधीच की रिपोर्ट पर 42 लाख रुपये बकाया रखकर धोखाधड़ी करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।