‘लाडली बहना योजना की राशि से अंडा-मुर्गा खाओ’:भाजपा विधायक का अनोखा बयान,महिलाओं से कहा- वोट कमल को देना – Balaghat Bjp Mla Rajkumar Karrahe Ladli Behna Scheme Egg Chicken Statement
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की लांजी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक ग्रामीण और आदिवासी महिलाओं से ‘लाडली बहना योजना’ के तहत मिलने वाले 1500 रुपये से खूब अंडा, मुर्गा और मछली खाने की सलाह देते नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं से आगामी चुनावों में भाजपा यानी कमल के फूल को ही वोट देने की अपील भी की है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो मंगलवार शाम का बताया जा रहा है, जब विधायक राजकुमार कर्राहे लांजी क्षेत्र के आलीटोला में आयोजित रानी तिलका देवी के मेले से लौट रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे कुछ आदिवासी महिलाएं और बच्चे बैठे दिखाई दिए। महिलाओं को देखकर विधायक ने अपनी कार रुकवाई और गाड़ी में बैठे-बैठे ही उनसे संवाद शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें- इंदौर-भोपाल में मकानों की तोड़फोड़ पर सीएम को पत्र: जीतू पटवारी बोले- जमीन बिक रही थी तो प्रशासन कहां था?
वायरल वीडियो में क्या बोले विधायक?
वायरल क्लिप में विधायक महिलाओं से पूछते हैं कि उन्हें लाड़ली बहना योजना की 1500 रुपये की राशि समय पर मिल रही है या नहीं। महिलाओं के मुस्कुराते हुए ‘हां’ कहने पर कर्राहे ने कहा, “तो इस पैसे से खूब अंडा खाओ, खूब मुर्गा खाओ, खूब मछली खाओ और बच्चों को भी खूब खिलाओ, स्वस्थ रहो। लेकिन वोट कमल के फूल (भाजपा) को ही देना।”
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस और विधायक की सफाई
विधायक के इस अनोखे संवाद का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आते ही राजनीति गरमा गई है। एक तरफ जहां कई लोग इसे महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन की योजना के उद्देश्य से भटकाने वाला बयान बता रहे हैं, वहीं विपक्षी और सोशल मीडिया यूजर्स इसे सीधे तौर पर वोट बैंक की राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं।
मामले पर विवाद बढ़ता देख विधायक राजकुमार कर्राहे ने अपनी सफाई भी पेश की है। उनका कहना है कि ग्रामीण और आदिवासी अंचल में लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए उन्होंने यह बात सहज भाव से कही थी। विधायक के मुताबिक, उन्होंने महिलाओं को साफ पानी पीने और शराब जैसी बुराइयों से दूर रहने की भी समझाइश दी थी, लेकिन वीडियो में वह हिस्सा रिकॉर्ड नहीं हो सका। फिलहाल, बालाघाट के राजनीतिक गलियारों में विधायक का यह बयान चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
