शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
शिवपुरी:खेत पर पानी देने गए किसान की संदिग्ध मौत, पत्नी बोली- छह लोगों ने पति को पीटकर मार डाला – Suspicious Death Of 35-year-old Imrat, Who Had Gone To Water The Fields
शिवपुरी

शिवपुरी:खेत पर पानी देने गए किसान की संदिग्ध मौत, पत्नी बोली- छह लोगों ने पति को पीटकर मार डाला – Suspicious Death Of 35-year-old Imrat, Who Had Gone To Water The Fields

November 11, 2026


शिवपुरी जिले में खेत पर पानी देने गए 35 वर्षीय किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने गांव के छह लोगों पर पति के साथ मारपीट कर हत्या करने और शव को खेत की गीली मिट्टी में दबाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों की मांग के बाद बुधवार को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया।

मामला मायापुर थाना क्षेत्र के राजापुर महुआ गांव का है। यहां रहने वाले 35 वर्षीय इमरत लाल लोधी सोमवार शाम अपनी पत्नी सविता के साथ गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर खेत पर पानी देने गए थे। पत्नी सविता के मुताबिक, रात करीब 3 बजे छह लोग खेत पर पहुंचे। इनमें से तीन लोगों ने उन्हें पकड़ लिया, जबकि बाकी तीन लोगों ने उनके पति इमरत के साथ मारपीट शुरू कर दी।

सविता ने आरोप लगाया कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनकी आंखें बंद कर दीं और तीन लोग उनके पति को अपने साथ दूर ले गए। कुछ देर बाद उन्हें पकड़कर रखने वाले लोग भी वहां से भाग निकले। इसके बाद सविता ने खेत में अपने पति की तलाश शुरू की। सुबह करीब 5 बजे इमरत पानी और गीली मिट्टी के बीच संदिग्ध अवस्था में मिले। उनका सिर और मुंह मिट्टी में धंसा हुआ था। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

परिजनों ने रघुराज, नातिराजा, अविकेश, ब्रजेश, छोटू और राजपाल पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि करीब 10 दिन पहले मृतक के भाई हरिभान लोधी और रघुराज धाकड़ के बीच बोरवेल के पाइप निकालने वाले वाहन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इस विवाद के बाद से ही परिवार को धमकियां मिल रही थीं।

पढे़ं: 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जबलपुर दूसरे नंबर पर, देवास-रीवा भी छाए

परिजनों ने वर्ष 2009 में इमरत के चाचा की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या किए जाने की घटना का भी जिक्र किया है। परिवार को आशंका है कि वर्तमान घटना के पीछे भी पुरानी रंजिश हो सकती है।

मामले में पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच सहमति नहीं बन पाई थी। इसके बाद मंगलवार शाम शव को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां बुधवार को डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया।

वहीं, मायापुर थाना प्रभारी मनोज राजपूत का कहना है कि घटना के करीब तीन घंटे बाद पुलिस को सूचना मिली थी। घटनास्थल पर शव उस स्थिति में नहीं मिला, जैसा परिजनों ने बताया है। फिलहाल मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल 35 वर्षीय इमरत लाल लोधी की मौत हत्या है या हादसा, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। वहीं, मृतक की पत्नी छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X