रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पानीपत

संस्कृत भारतीय संस्कृति, संस्कारों और प्राचीन ज्ञान परंपरा की आधारशिला :डॉ. अरविंद शर्मा – Sanskrit Is The Cornerstone Of Indian Culture, Values, And The Tradition Of Ancient Knowledge: Dr. Arvind Sharma

November 21, 2026


समालखा में अंतर विद्यालयीय संस्कृत प्रतियोगिता में बोले कैबिनेट मंत्री, युवा पीढ़ी को संस्कृत से जोड़ने पर दिया जोर

संवाद न्यूज एजेंसी

समालखा। सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सभ्यता, संस्कारों और प्राचीन ज्ञान परंपरा की आधारशिला है। वेदों, उपनिषदों, दर्शन, विज्ञान, गणित, आयुर्वेद और जीवन मूल्यों का विशाल ज्ञान संस्कृत में समाहित है। युवा पीढ़ी को संस्कृत से जोड़ना सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संस्कारवान समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कैबिनेट मंत्री शनिवार को समालखा में प्राच्य संस्कृत शिक्षा प्रचारक समिति की ओर से आयोजित स्वर्गीय मास्टर रामरत्न स्मारक अंतर विद्यालयीय संस्कृत प्रतियोगिता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आधुनिक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने पर जोर दे रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत मातृभाषा, भारतीय भाषाओं और समग्र शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में कक्षा नौवीं और दसवीं की त्रिभाषा व्यवस्था के तहत हिंदी व अंग्रेजी के साथ संस्कृत, पंजाबी या उर्दू चुनने का प्रावधान है। वहीं, वर्ष 2026 में 250 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट एवं प्रारंभिक अंग्रेजी विद्यालयों की शुरुआत भी की गई है।

डॉ. शर्मा ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके समय में संस्कृत शिक्षा के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इनमें कैथल में महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना प्रमुख है। उन्होंने कहा कि संस्कृत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में समाज, शिक्षकों और अभिभावकों की भी समान जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता खेलकूद समिति के चेयरमैन मनमोहन भड़ाना ने की, जबकि हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के निदेशक डॉ. जितेंद्र दयाल सिंह कौशल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X