रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सिरोही:हवाई हमले की चेतावनी के साथ ब्लैकआउट, मॉक ड्रिल में 4 मौत और 2 घायलों का बनाया काल्पनिक परिदृश्य – Sirohi Conducts Air Raid Mock Drill With Blackout, Simulating Four Deaths And Two Serious Injuries
सिरोही

सिरोही:हवाई हमले की चेतावनी के साथ ब्लैकआउट, मॉक ड्रिल में 4 मौत और 2 घायलों का बनाया काल्पनिक परिदृश्य – Sirohi Conducts Air Raid Mock Drill With Blackout, Simulating Four Deaths And Two Serious Injuries

November 24, 2026


Sirohi Conducts Air Raid Mock Drill with Blackout, Simulating Four Deaths and Two Serious Injuries

प्रशासन द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियां परखी गई

विस्तार

हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने और नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए सोमवार शाम सिरोही तहसील कार्यालय में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। सायरन बजते ही तहसील कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में ब्लैकआउट करवाया गया। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन सहित विभिन्न विभागों की टीमें अलर्ट मोड पर रहीं और राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।

आपदा प्रबंधन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर एवं पुलिस अधीक्षक अजय सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में आयोजित मॉक ड्रिल में निर्धारित समय पर हूटर और सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी गई। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र में सभी लाइटें बंद करवाकर ब्लैकआउट प्रोटोकॉल की पालना कराई गई। पुलिस प्रशासन और नागरिक सुरक्षा की टीमों ने लगातार भ्रमण कर लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

ये भी पढ़ें: जयपुर: टीकाराम जूली का भाजपा पर हमला- मुख्यमंत्री बदलने से नहीं मिटेगी नाराजगी, राजस्थान में अब बदलेगा राज

मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले से हुए नुकसान का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। इसमें चार व्यक्तियों की मौत और दो गंभीर लोगों के घायल होने की स्थिति दर्शाई गई। एंबुलेंस के जरिए घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए तत्काल चिकित्सालय पहुंचाने का अभ्यास किया गया। एसडीआरएफ के जवानों के साथ पुलिस, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड और स्काउट की टीमों ने समन्वय के साथ राहत एवं बचाव गतिविधियों को अंजाम दिया।

समन्वय और त्वरित कार्रवाई पर जोर

मॉक ड्रिल के बाद जिला कलेक्टर तोमर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संचार व्यवस्था, अग्निशमन, चिकित्सा सेवाओं, शांति एवं कानून व्यवस्था तथा राहत-बचाव कार्यों को लेकर चर्चा की। उन्होंने सभी विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी, स्पष्ट कार्ययोजना और आपसी समन्वय के साथ तत्पर रहने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश गोयल, उपखंड अधिकारी डॉ. परमजीत सिंह, सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X