कानपुर में शिया शहरकाजी और शिया जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना सईद अब्बास को सोशल मीडिया पर अपमानित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनकी फोटो लगाकर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई गई। इसके प्रोफाइल फोटो पर आपत्तिजनक शब्द लिखने के साथ ही बायो में गाली लिखी गई। इतना ही नहीं, इस आईडी से उनके खिलाफ झूठी और अपमानजनक पोस्ट भी की गईं। मामले में साइबर सेल की जांच के बाद आईडी संचालकों की पहचान होने पर ग्वालटोली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौलाना सईद अब्बास ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वह मकबरा ग्वालटोली के निवासी हैं। किसी ने उन्हें अपमानित करने और उनकी सामाजिक व धार्मिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से इंस्टाग्राम पर barsaeedlaanath नाम से आईडी बनाई। इसमें उनकी फोटो लगाकर उस पर ‘काला मुकस्सिर’ लिखा गया। प्रोफाइल की बायो में भी उनके नाम के साथ गाली लिखी गई। इसके अलावा उनके संबंध में झूठे लेख और आपत्तिजनक पोस्ट साझा की गईं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सात सितंबर को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल को शिकायत दी थी।