शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
देहरादून:मोहब्बेवाला हादसे में चार की मौत के बाद एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी पर मुकदमा, ढलान को बताई गई वजह – Dehradun Mohabbewala Accident Nhai And Pwd Booked After Four People Die In Road Crash
देहरादून

देहरादून:मोहब्बेवाला हादसे में चार की मौत के बाद एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी पर मुकदमा, ढलान को बताई गई वजह – Dehradun Mohabbewala Accident Nhai And Pwd Booked After Four People Die In Road Crash

November 5, 2026


देहरादून मोहब्बेवाला में चार लोगों की जान लेने वाले सड़क हादसे के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की तहरीर में सड़क निर्माण और यातायात सुरक्षा से जुड़े इंतजामों में गंभीर खामियां उजागर की गई हैं। आरोप है कि बार-बार चेतावनी देने और पत्राचार करने के बावजूद संबंधित कार्यदायी संस्थाओं ने हादसों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पुलिस ने चार नवंबर की रात पटेलनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

मोहब्बेवाला में एक कार और कंटेनर के बीच भीषण टक्कर हुई थी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कार में मौजूद छह वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया था। हादसे के बाद सड़क की खामियों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठे थे।

तीव्र मोड़ और ढलान पर नहीं लगाए गए चेतावनी संकेत

आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह की तहरीर के मुताबिक, नवनिर्मित एनएच-72ए (दिल्ली-देहरादून-पांवटा मार्ग) पर यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए हैं। सड़क पर पर्याप्त साइन बोर्ड, यातायात चिह्न, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए हैं। रात में रोशनी की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा मार्ग का स्पष्ट चिह्नांकन नहीं किया गया है। तहरीर में मोहब्बेवाला के पास सड़क के किनारे गड्ढे होने के साथ ही अचानक आने वाले तीव्र मोड़ और ढलान को भी दुर्घटनाओं की वजह बताया गया है। आरोप है कि इन खामियों के कारण वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का सही अंदाजा नहीं लग पाता और हादसे की आशंका बनी रहती है।

पहले भी हो चुके हैं कई हादसे, पत्राचार के बाद भी कार्रवाई नहीं

पुलिस की तहरीर में कहा गया है कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें कई लोगों की जान जा चुकी है और कई घायल हुए हैं। पुलिस की ओर से संबंधित कार्यदायी संस्था को कई बार पत्राचार कर सड़क सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने के लिए कहा गया, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बावजूद असुरक्षित निर्माण कार्य जारी रहने से आम लोगों की जान को खतरा बना हुआ है।

ये भी पढे़ं…गंगोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा: गंगनानी के पास नदी में समाई गुजरात के यात्रियों की कार, पांच लोगों की मौत

पटेलनगर थाने में एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1), 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस अब हादसे के कारणों के साथ ही सड़क निर्माण और सुरक्षा मानकों में कथित लापरवाही की जांच करेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X