Kanpur News:प्रसूता का गलत उपचार व खून चढ़ाने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज – Allegations Of Improper Treatment And Incorrect Blood Transfusion For A Woman Who Had Just Given Birth; Case Registered
कानपुर। चकेरी में पीड़ित ने निजी अस्पताल के संचालक, डाॅक्टर और स्टाफ पर पत्नी का प्रसव पीड़ा के दौरान गलत उपचार करने व गलत खून चढ़ाने का आरोप लगाया। इससे पत्नी की दोनों किडनी खराब हो गईं। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
न्यूआजाद नगर सतबरी निवासी पिंटू वर्मा के मुताबिक उनकी पत्नी प्रिया वर्मा का दूसरा प्रसव होना था। बीती 13 जून 2026 को पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर पीएसी मोड़ बाईपास स्थित न्यू कुबेर हाॅस्पिटल में भर्ती कराया। यहां डॉ. ज्ञानेंद्र पाल और डॉ. नीलम यादव ने पत्नी को ब्लड की कमी होना बताया। डॉ. ज्ञानेंद्र ने मेडिकल काॅलेज में अपनी पहचान बता आठ हजार रुपेय में दो यूनिट ब्लड मंगवाया। इसमें मेडिकल काॅलेज की पर्ची भी लगी थी।
पिंटू के मुताबिक पत्नी को आधा यूनिट ब्लड चढ़ाया गया तभी उसकी हालत बिगड़ने लगी। शरीर में सूजन के अलावा उल्टी व घबराहट होने लगी। दिखाई देना कम हो गया। शिकायत की तो वहां मौजूद मेडिकल स्टाफ ने ब्लड निकालकर डस्टबिन में फेंक दिया।
वहीं, फोन पर आरोपी डॉक्टरों से बातकर उपचार करने लगे। इसके बाद तीसरे दिन पहुंची डॉ. नीलम ने कुछ दवाएं लिखकर डिस्चार्ज कर दिया। इसके बाद भी पत्नी हालत में सुधार न होने पर दूसरे निजी हास्पिटल में भर्ती किया। जहां जांच में प्रिया की दोनों किडनी खराब बताई गईं।
पिंटू के मुताबिक न्यू कुबेर हॉस्पिटल अस्पताल प्रबंधक डॉ. आरके सिंह, डॉ. ज्ञानेंद्र पाल, डॉ. नीलम यादव के अलावा तीन पैरामेडिकल की शिकायत सीएमओ कार्यालय में कई बार की। साथ ही जिलाधिकारी, थाना, पुलिस अधिकारी के अलावा मुख्यमंत्री पोर्टल पर की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र का कहना है कि रिपोर्ट दर्जकर ली। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
