धौलपुर:थाने की खिड़की तोड़कर भागा इनामी गांजा तस्कर नागपुर से गिरफ्तार, हुलिया बदलकर छुप रहा था शातिर – Dholpur: Wanted Cannabis Smuggler Arrested In Nagpur After Escaping Police Custody And Six-day Search
पुलिस अभिरक्षा से थाने की खिड़की तोड़कर फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात गांजा तस्कर टी. श्रीनिवास को धौलपुर पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर शहर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 25 अक्टूबर की रात दिहोली थाने से फरार होने के बाद लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी तलाश में धौलपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में करीब छह दिन तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस की साइबर तकनीकी टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार आरोपी की लोकेशन नागपुर में ट्रेस कर ली गई, जहां से 6 नवंबर को उसे दबोच लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से फरारी और उसके आपराधिक नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
एक करोड़ 30 लाख के गांजे के साथ हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार 17 अक्टूबर को मनिया थाना पुलिस को मुखबिर से मादक पदार्थ तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-44 पर नाकाबंदी कर एक चारपहिया वाहन को रुकवाया। तलाशी के दौरान वाहन से दो क्विंटल से अधिक गांजा बरामद हुआ था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने मौके से 45 वर्षीय टी. श्रीनिवास पुत्र हरिराव ओसी निवासी राजमुंदरी, आंध्र प्रदेश और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से टी. श्रीनिवास को अतिरिक्त पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर सौंपा गया था। दिहोली थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही थी।
थाने की खिड़की तोड़कर हुआ था फरार
पुलिस अभिरक्षा के दौरान 25 अक्टूबर की रात टी. श्रीनिवास ने दिहोली थाने की खिड़की तोड़कर फरार होने में सफलता हासिल कर ली। थाने से निकलने के बाद आरोपी ने करीब 12 किलोमीटर तक खेतों के रास्ते पैदल सफर किया। इसके बाद राजाखेड़ा शहर के नजदीक पहुंचकर उसने एक टेंपो चालक से 500 रुपये में आगरा तक जाने का सौदा किया। बताया जा रहा है कि टेंपो का किराया भी उसने अपनी पत्नी के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान करवाया था।
आगरा पहुंचने के बाद आरोपी ने अपनी पहचान छिपाते हुए ट्रेन के जनरल कोच से सफर किया और बनारस पहुंच गया। वहां से वह विशाखापट्टनम और फिर तिरुपति बालाजी पहुंचा। इस दौरान आरोपी लगातार अपनी लोकेशन और ठिकाने बदलता रहा, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: दिवाली-छठ पर रेलवे का बड़ा फैसला, बीकानेर मंडल की 15 ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच
पहचान छिपाने के लिए सिर और मूंछों का कराया मुंडन
पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने तिरुपति बालाजी पहुंचकर अपना हुलिया तक बदल लिया। उसने सिर और मूंछों का मुंडन करवाकर भेष बदल लिया, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो सके। इसके बाद वह आंध्र प्रदेश की ओर भी गया। इधर धौलपुर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
नागपुर में मिली लोकेशन
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी शैतान सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की थी। टीम ने साइबर तकनीकी संसाधनों, उपलब्ध सूचनाओं और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी के संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी। पुलिस की टीमें मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में लगातार तलाश कर रही थीं।
करीब छह दिन की मशक्कत के बाद पुलिस को आरोपी के महाराष्ट्र के नागपुर शहर में छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 नवंबर को नागपुर से टी. श्रीनिवास को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कई राज्यों में दर्ज हैं तस्करी के आपराधिक मामले
दिहोली थाना प्रभारी शैतान सिंह ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का मादक पदार्थ तस्कर है। उसके खिलाफ राजस्थान सहित कई राज्यों में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छह दिन तक अलग-अलग राज्यों में सर्च ऑपरेशन चलाया। साइबर तकनीकी और मुखबिर तंत्र की सहायता से उसे नागपुर से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। फिलहाल आरोपी से फरारी के दौरान मदद करने वाले लोगों, गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर पूछताछ की जा रही है। अनुसंधान पूरा होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
