Mp:सिवनी में अंधविश्वास और जमीन के लालच में चाचा की हत्या, भतीजे समेत छह आरोपी गिरफ्तार – Suspicion Of Witchcraft And Land Dispute: Nephew Had Hired A Contract Killer To Kill His Uncle For ₹1.5 Lakh
सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम सिहोरा में 3 जुलाई को तालाब किनारे मिले अधेड़ के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अंधविश्वास और पैतृक जमीन के विवाद के चलते सगे भतीजे ने ही अपने चाचा की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में मुख्य आरोपी भतीजे, उसकी मां समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को ग्राम सिहोरा के तालाब किनारे उथले पानी में एक अधेड़ का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतक की पहचान 42 वर्षीय मोहनलाल गोल्हानी पिता लखनलाल गोल्हानी, निवासी सिहोरा के रूप में हुई। घटनास्थल की परिस्थितियों और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के भतीजे राहुल गोल्हानी (20) से पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। आरोपी राहुल ने बताया कि उसे शक था कि उसके चाचा मोहनलाल ने उस पर जादू-टोना कराया है, जिसके कारण वह अक्सर बीमार रहता है। इसके अलावा पैतृक जमीन में चाचा को अधिक हिस्सा मिलने को लेकर भी वह उनसे नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने चाचा की हत्या की योजना बनाई।
पढ़ें; ‘दिग्विजय सिंह को कोई सीरियस नहीं लेता’: RSS पर पूर्व सीएम के आरोपों पर भाजपा सांसद का पलटवार; क्या-क्या बोले?
पुलिस के अनुसार, राहुल ने आकाश महोबिया नामक युवक से संपर्क कर 1.50 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। योजना के तहत 2 जुलाई की रात आकाश महोबिया अपने साथियों धर्मेंद्र अहिरवार, प्रियांशु यादव और आशीष काकोडिया के साथ सिहोरा पहुंचा। इस साजिश में राहुल की मां गीता बाई ने भी आरोपियों को मोहनलाल की लोकेशन उपलब्ध कराकर सहयोग किया।
योजना के मुताबिक राहुल ने डीएपी (DAP) खाद लाने का बहाना बनाकर अपने चाचा को तालाब के पास बुलाया। वहां पहले से घात लगाए बैठे चारों आरोपियों ने मोहनलाल को पकड़ लिया और गमछे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को तालाब किनारे उथले पानी में फेंक दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लखनादौन पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता राहुल गोल्हानी, उसकी मां गीता बाई, आकाश महोबिया, धर्मेंद्र अहिरवार, आशीष काकोडिया और प्रियांशु यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
