मधुबन। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने तहसील मधुबन में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याओं को सुना। जनसुनवाई के दौरान 87 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि 5 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों की टीमें मौके पर भेजी गईं।
प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 56 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं, इसके अतिरिक्त चकबंदी विभाग की 18, पुलिस विभाग की 7 तथा शेष अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके अलावा विभिन्न तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 195 शिकायतें आईं। मौके पर 14 मामलों का निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान एक ऐसा प्रकरण भी सामने आया, इसमें शिकायतकर्ता खतौनी संशोधन के लिए बार-बार तहसील के चक्कर लगा रहा था। जिलाधिकारी ने प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही खतौनी में आवश्यक संशोधन कराया तथा संशोधित खतौनी शिकायतकर्ता को जनसुनवाई के दौरान ही उपलब्ध करा दी। जिलाधिकारी की इस त्वरित कार्रवाई से शिकायतकर्ता को तत्काल राहत मिली। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस एवं अन्य जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही अथवा उदासीनता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी मधुबन दीपक कुमार सिंह सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में घोसी तहसील के सभागार में शनिवार को अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एसडीएम अशोक कुमार सिंह की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर 50 मामले आए।मौके पर मात्र पांच ही समस्याओं का समाधान हो सका। मुहम्मदाबादगोहना: स्थानीय तहसील सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया ने फरियादियों की समस्या सुनी।इस अवसर पर 58 मामले आए, जिसमें चार शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। शेष मामलों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेज दिया।