Ambala News:दिवाली पर सजे पटाखों के स्टॉल, खरीदारी के लिए उमड़े लोग – Fireworks Stalls Decorated For Diwali, People Flocked To Buy Them
– चकरी, अनार, रॉकेट से लेकर गंगा-जमना ओर शॉटस की कर रहे खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। दिवाली के त्योहार से पहले पटाखों की बिक्री के लिए 126 अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं। एसडी कॉलेज और दशहरा मैदान में 126 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इन स्थानों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी अपनी पसंद के पटाखे खरीदने पहुंच रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक बढ़ गई है।
प्रशासन ने सुरक्षा व व्यवस्था और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए इन दो स्थानों को निर्धारित किया है। एसडी कॉलेज मैदान में 60 स्टॉल और दशहरा मैदान में 66 स्टॉल लगाए गए हैं। एसडीएम कनिष्का गोयल ने बताया कि यह व्यवस्था सुरक्षित माहौल में खरीदारी सुनिश्चित करने के लिए की गई है।
बाजार में फुलझड़ी से लेकर रंग-बिरंगे शॉट्स तक विभिन्न प्रकार के पटाखे उपलब्ध हैं। खरीदार चकरी, अनार, रॉकेट, गंगा-जमना और धमाके वाले बमों की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदार आरके सूरी के अनुसार, इस बार हर बजट के हिसाब से पटाखे बाजार में उतारे गए हैं।
विभिन्न प्रकार के पटाखों की मांग
बाजार में बच्चों और युवाओं के लिए कई तरह के पटाखे मौजूद हैं। फुलझड़ी, अनार, चकरी और रॉकेट जैसे पारंपरिक पटाखों की भारी मांग है। गंगा-जमना, बुलेट बम और स्काई शॉट्स जैसे नए और रंगीन पटाखों को भी पसंद किया जा रहा है। दुकानदार आरके सूरी ने बताया कि इस बार हर बजट के लिए पटाखे उपलब्ध हैं। इनमें फुलझड़ी 15 से 50 रुपये और स्काई शॉट्स 700 से 1500 रुपये तक में मिल रहे हैं।

अंबाला छावनी के दशहरा मैदान में पटाखों की खरीदारी करते लोग। संवाद
