Kaushambi News:प्रतिभा सम्मान योजना से निखरेगी परिषदीय विद्यालयों के मेधावियों की प्रतिभा – The ‘pratibha Samman Yojana’ (talent Recognition Scheme) Will Help Hone The Talents Of High-achieving Students In Council Schools
बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रतिभा सम्मान योजना 2026-27 शुरू की है। इस योजना के तहत कक्षा तीन से आठ तक के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें चयनित छात्रों को अधिकतम 13 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति मिलेगी।
विद्यार्थी 20 नवंबर तक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। छात्रों को कक्षावार तीन समूहों में बांटा गया है। कक्षा तीन और चार के लिए समूह पीजेआर, पांच और छह के लिए समूह जेआर तथा सात और आठ के लिए समूह एमडी है।
परीक्षा में राष्ट्रीय सामान्य ज्ञान, गणितीय तार्किक क्षमता, अंग्रेजी एवं हिंदी, विज्ञान एवं खेल से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा। योजना के दूसरे चरण में चयनित छात्रों को तीन साल तक यह छात्रवृत्ति दी जाएगी। परीक्षा का परिणाम 28 फरवरी को घोषित किया जाएगा।
प्रोत्साहन और अवसर
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसका लक्ष्य उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना भी है।
