शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:बीकानेर में पानी की डिग्गी में डूबने से चार की मौत, एक ही परिवार के तीन बच्चे शामिल – Bikaner Four Drown Water Reservoir Three Members Same Family Bhai Dooj Tragedy
बीकानेर

राजस्थान:बीकानेर में पानी की डिग्गी में डूबने से चार की मौत, एक ही परिवार के तीन बच्चे शामिल – Bikaner Four Drown Water Reservoir Three Members Same Family Bhai Dooj Tragedy

November 11, 2026


राजस्थान के बीकानेर जिले में भाई दूज के दिन एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। छतरगढ़ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत आवा के चक 9 एडब्ल्यूएम में बुधवार दोपहर खेत में बनी पानी की बड़ी डिग्गी में यह हादसा हुआ। मृतकों में दो सगे भाई, उनकी बहन और एक चचेरा भाई शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। वहीं, परिवार में चीख-पुकार मच गई।

नहाने के दौरान फिसला 14 वर्षीय पूजा का पैर

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रमेश नायक के खेत में करीब 100×100 फीट आकार की पानी की बड़ी डिग्गी बनी हुई है। बुधवार दोपहर उनकी 14 वर्षीय बेटी पूजा डिग्गी में नहाने के लिए गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। पूजा को डूबता देखकर उसके भाई उसे बचाने के लिए एक के बाद एक पानी में उतर गए। इस बीच उनका चचेरा भाई भी उसे बचाने के प्रयास में डिग्गी में कूद गया।

बहन को बचाने की कोशिश में चारों की गई जान

बहन को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तीनों ने प्रयास किया, लेकिन डिग्गी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण कोई भी बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते चारों पानी में डूब गए।

हादसे में 14 वर्षीय पूजा, उसके भाई मुकेश और विनोद तथा चचेरे भाई 21 वर्षीय निर्मल नायक की मौत हो गई। खेत पर मौजूद लोगों को जब तक हादसे की गंभीरता का पता चला, तब तक चारों की जान जा चुकी थी। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से निकलवाए शव

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत धालीवाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से चारों के शव डिग्गी के पानी से बाहर निकलवाए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। भाई दूज के दिन हुए इस हादसे से गांव में मातम पसरा है। बहन को बचाने की कोशिश में दो भाइयों और उनके चचेरे भाई की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X