Gorakhpur News:विरासत गलियारा भगवा रंग से निखरने लगा, एकरूपता से बदलेगी बाजार की सूरत – The Heritage Corridor Has Begun To Shine In Shades Of Saffron; A Uniform Look Will Transform The Appearance Of The Market
– पांडेयहाता से धर्मशाला ओवरब्रिज तक 3.5 किमी लंबे गलियारे में मकानों और दुकानों का हो रहा रंगरोगन
– निर्धारित रंग में कराया जा रहा सौंदर्यीकरण, गुणवत्ता पर भी नजर
गोरखपुर। शहर का विरासत गलियारा अब भगवा रंग में निखरने लगा है। पांडेयहाता से धर्मशाला ओवरब्रिज तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे गलियारे में मकानों और दुकानों के बाहरी हिस्सों का एक समान रंगरोगन कराया जा रहा है। भगवा रंग से रंगी इमारतों के कारण गलियारे की सूरत बदलने लगी है। नगर निगम और गोरखपुर विकास प्राधिकरण की ओर से कराए जा रहे इस कार्य का उद्देश्य पूरे मार्ग को एकरूपता के साथ आकर्षक स्वरूप देना है।
गलियारे में पेंटिंग का काम तेजी से चल रहा है। पांडेयहाता पुलिस चौकी से घंटाघर, रेती चौक, नखास चौक, आर्यनगर चौक और जटाशंकर चौराहा होते हुए धर्मशाला ओवरब्रिज तक मकानों और दुकानों को निर्धारित रंग में रंगा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पेंटिंग में तय रंग का ही इस्तेमाल हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। कार्य पूरा होने के बाद पूरा गलियारा एक समान रंग और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि विरासत गलियारे के मकान व दुकानों को एक रंग में रंगा जा रहा है। इससे इस बाजार की भव्यता और बढ़ेगी।
