शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Almora News:मांगों के लिए आशा कार्यकर्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर दिया धरना – Asha Workers Have Gone On A Work Boycott And Are Staging A Sit-in Protest To Press For Their Demands
अल्मोड़ा

Almora News:मांगों के लिए आशा कार्यकर्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर दिया धरना – Asha Workers Have Gone On A Work Boycott And Are Staging A Sit-in Protest To Press For Their Demands

November 12, 2026


अल्मोड़ा। न्यूनतम वेतनमान को 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने सहित कई लंबित मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का सब्र का बांध बुधवार को टूट गया। हक की आवाज बुलंद करते हुए आशा कार्यकर्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर दिया और चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में बेमियादी धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने सरकार की नीतियों पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय लंबे समय से नहीं बढ़ाया गया है। महंगाई के दौर में उन्हें बेहद मामूली मानदेय पर गुजारा करने के लिए मजबूर किया जा रहा है जो उनके साथ घोर अन्याय है।

कार्यकर्ताओं ने मांग की कि उनके मानदेय का भुगतान हर महीने एक निश्चित तिथि को अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने सरकार से उन्हें तत्काल नियमित करने और सेवानिवृत्ति के समय कम से कम 10 लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता देने की पुरजोर वकालत की।

चेतावनी दी कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होती तब तक उनका यह उग्र आंदोलन और कार्य बहिष्कार अनवरत जारी रहेगा।

धरने पर विजयलक्ष्मी, नीमा जोशी, ममता भट्ट, भगवती आर्या, हंसी देवी, शांति देवी, जानकी देवी, देवकी बिष्ट, पदमा पांडे, दया आर्या, विनय किरौला, ममता आर्या और आयजा बेगम आदि बैठी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X