शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:प्रेम प्रसंग बना नाबालिग की मौत की वजह? दीपावली की रात हत्या कर खेत में दफनाया शव, परिजनों पर आरोप – Daughter’s Life Extinguished On The Night Of Diwali In Love Affair Motihari Bihar News
मुज़फ़्फ़रपुर

बिहार:प्रेम प्रसंग बना नाबालिग की मौत की वजह? दीपावली की रात हत्या कर खेत में दफनाया शव, परिजनों पर आरोप – Daughter’s Life Extinguished On The Night Of Diwali In Love Affair Motihari Bihar News

November 12, 2026


जिस घर में कभी बेटी की किलकारियां गूंजती थीं, दीपावली की रात उसी घर में मातम और खौफ का माहौल बन गया। कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को गांव से दूर खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को जमीन से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में दो नाबालिगों के बीच प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे। बताया जा रहा है कि लड़की के परिजनों को जब इस रिश्ते की जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी नाराजगी में दीपावली के दिन लड़की की हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को घर से दूर एक खेत में दफना दिया गया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।

गांव में चर्चा से खुला राज, घर छोड़कर भागे परिजन

घटना की जानकारी धीरे-धीरे गांव में फैलने लगी। इसी बीच किसी ने पुलिस को फोन कर लड़की की हत्या करने और शव को जमीन में दफनाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम लड़की के घर पहुंची, लेकिन परिवार के अधिकांश सदस्य फरार मिले। घर में मौजूद लड़की के भाई से पुलिस ने पूछताछ की। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान उसने घटना से जुड़ी अहम जानकारी दी और पुलिस को उस जगह तक ले गया, जहां शव दफनाया गया था।

इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान नाबालिग का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

दो महीने से प्रेमिका से बात नहीं कर रहा था युवक

मामले में लड़की के प्रेमी ने भी पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा है। युवक का कहना है कि वह पिछले दो महीने से लड़की को फोन नहीं कर रहा था। दीपावली की रात वह अपना बोनस का पैसा लेने एक रिश्तेदार के पास गया था, जिसका घर लड़की के घर के समीप है। इसी दौरान लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई की। युवक के इस दावे के बाद दीपावली की रात हुई घटनाओं और उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। नाबालिग की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना में किन लोगों की भूमिका है, इसकी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। दीपावली की रात हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X