Health Tips : रात में अचानक बंद हो जाती है नाक? सर्दियों में दिक्कत ज्यादा, जौनपुर के डॉ. राजेश से जानिए इलाज
Last Updated:
Treatment for blocked nose at night : क्या आपकी भी रात में सोते समय अचानक नाक बंद हो जाती है. सर्दियों में यह समस्या कई लोगों को ज्यादा परेशान करती है. जौनपुर के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार लोकल 18 से बताते हैं कि नाक बंद होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. सर्दियों में एलर्जी की वजह से नाक बंद होने, छींक आने और नाक से पानी बहने की समस्या बढ़ जाती है. डॉ. राजेश कहते हैं कि ऐसे में सबसे पहले कमरे का वातावरण साफ रखें. सोने वाले कमरे में धूल और धुआं न रहने दें. नाक बंद होने पर लोग अक्सर तुरंत मेडिकल स्टोर से नेजल ड्रॉप लेकर इस्तेमाल करने लगते हैं. ये ठीक नहीं है.
जौनपुर. क्या कभी रात में सोते समय अचानक आपकी नाक बंद हो जाती है. नाक बंद होने की वजह से सांस लेने में परेशानी होती है और नींद भी खराब हो जाती है. मौसम बदलने और सर्दियों में यह समस्या कई लोगों को परेशान करती है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो घबराने की जरूरत नहीं है. जौनपुर के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार लोकल 18 से बताते हैं कि नाक बंद होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं और सही कारण जानकर ही इसका इलाज किया जाना चाहिए. डॉ. राजेश के मुताबिक, सर्दियों में एलर्जी की वजह से नाक बंद होने, छींक आने और नाक से पानी बहने की समस्या बढ़ जाती है. धूल, धुआं और परागकण जैसे बाहरी कण जब सांस के साथ शरीर में पहुंचते हैं तो कुछ लोगों को एलर्जी होने लगती है. इसकी वजह से बार-बार छींक आना, नाक से पानी आना और नाक बंद होने जैसी परेशानी होती है.
न करना गलती
डॉ. राजेश कहते हैं कि ऐसे में सबसे पहले कमरे का वातावरण साफ रखें. सोने वाले कमरे में धूल और धुआं न रहने दें. अगर बाहर प्रदूषण या धूल ज्यादा है तो मास्क लगाकर निकलें. कमरे में बहुत ज्यादा धूल जमा होने से भी एलर्जी बढ़ सकती है. नाक बंद होने पर लोग अक्सर तुरंत मेडिकल स्टोर से नेजल ड्रॉप लेकर इस्तेमाल करने लगते हैं. इससे कुछ समय के लिए राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के ऐसी दवाओं का लगातार इस्तेमाल नुकसान पहुंचा सकता है.
दवा बंद करते ही परेशानी शुरू
डॉ. राजेश बताते हैं कि जाइलोमेटाजोलिन जैसी कुछ नेजल ड्रॉप को लंबे समय तक इस्तेमाल करने से नाक में ऐसी समस्या हो सकती है, जिसमें दवा बंद करने के बाद नाक और ज्यादा बंद होने लगती है. इसे राइनाइटिस मेडिकामेंटोसा कहा जाता है, इसलिए बार-बार अपनी मर्जी से नेजल ड्रॉप का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. अगर नाक बार-बार बंद होती है, छींक आती है या नाक से लगातार पानी बहता है तो ईएनटी डॉक्टर से जांच करानी चाहिए. डॉ. राजेश के अनुसार चिकित्सक एलर्जी की दवा या सुरक्षित नेजल स्प्रे की सलाह दे सकते हैं. सही समय पर इलाज कराने से परेशानी को बढ़ने से रोका जा सकता है.

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…
और पढ़ें
