Fatehpur News:नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व, घरों में गूंजे छठी मैया के गीत – The Grand Chhath Festival Begins With ‘nahay-khay’; Songs Dedicated To Chhathi Maiya Resonate In Homes
फतेहपुर। छठ महापर्व शुक्रवार को पारंपरिक रस्म नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर शहर के अमर जेई वार्ड और राधानगर में रहने वाले पूर्वांचल के परिवारों में सुबह से ही उत्साह नजर आया।
घरों और रसोई की साफ-सफाई के बाद व्रतधारियों ने पूजा की तैयारियां शुरू कीं। नहाय-खाय के अवसर पर महिलाओं ने नदी और नहर में स्नान किया। जिनके घरों के आसपास स्नान की सुविधा नहीं थी, उन्होंने गंगाजल मिलाकर घर में ही स्नान किया। इसके बाद छठी मैया का ध्यान कर पूजा-अर्चना की।
इस दौरान घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। महिलाएं खईनि नहईनी, नहाय-खाय कईनी, छठी मैया व्रत तोहार हो मैया… जैसे लोकगीत गाती नजर आईं। बच्चों ने भी उत्साह के साथ पर्व की तैयारियों में हिस्सा लिया।
मान्यता है कि नहाय-खाय के दिन तन और मन की शुद्धता के साथ छठ व्रत की शुरुआत होती है। इस पर्व में सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना की जाती है। व्रती महिलाएं चार दिनों तक नियमों का पालन करते हुए डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देती हैं। इसके माध्यम से वे परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना करती हैं।
चार दिनों की मुख्य रस्में
छठ पर्व के पहले दिन नहाय-खाय, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन ऊषा अर्घ्य दिया जाता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी को व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं, जबकि चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है।
सात्विक भोजन के लिए महिलाओं ने की घरों की साफ-सफाई
छठ पर्व के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के अवसर पर महिलाओं ने सुबह स्नान के बाद घरों की साफ-सफाई की और सात्विक भोजन तैयार किया। इसमें लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल शामिल रहे। भोजन में सामान्य नमक के स्थान पर सेंधा नमक का इस्तेमाल किया गया। अधिकतर परिवारों में भोजन बनाने के लिए शुद्ध घी का इस्तेमाल किया गया।
खरना आज, शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला उपवास
छठ पर्व के तहत रविवार को खरना अथवा लोहंडा मनाया जाएगा। इस दिन व्रती महिलाएं शाम को मिट्टी के चूल्हे पर गुड़, चावल और दूध से खीर तैयार करेंगी। इसके साथ रोटी और पूड़ी का प्रसाद भी बनाया जाएगा। सबसे पहले छठी मैया को भोग अर्पित किया जाएगा, इसके बाद महिलाएं प्रसाद ग्रहण करेंगी। खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा। मान्यता है कि खरना के दिन ही छठी मैया का घरों में आगमन होता है।
महंगाई ने बढ़ाया छठ की डलिया का खर्च, 1200 की जगह दो हजार रुपये तक कीमत
छठ महापर्व शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इस बार पूजा सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी से छठ की डलिया तैयार कराने का खर्च भी बढ़ गया है। पिछले वर्ष की तुलना में कई पूजन सामग्रियों के दाम करीब दोगुने बताए जा रहे हैं।
छठ पूजा में मौसमी फलों के साथ गन्ना, अदरक, हल्दी, गुड़ और अन्य सामग्रियों का विशेष महत्व है। पिछले वर्ष जो डलिया करीब 1200 रुपये में तैयार हो जाती थी, उसके लिए इस बार लगभग दो हजार रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं।
छठ व्रती नेहा शर्मा ने बताया कि इस बार बांस की टोकरी ही 150 से 200 रुपये में मिल रही है। इसके अलावा पूजन की अन्य सामग्री भी महंगी हुई है। ऐसे में एक डलिया तैयार कराने में कम से कम दो हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है।

फोटो-07-फतेहपुर: शहर के अमरजेई वार्ड में जांत पीसतीं महिलाएं। संवाद
