शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
शिकायतों पर गंभीरता से हो कार्रवाई, लंबित मामलों का समयबद्ध करें निपटारा :डीएसपी – Action Should Be Taken Seriously On Complaints, Pending Cases Should Be Disposed Of In A Timely Manner: Dsp
हिसार

शिकायतों पर गंभीरता से हो कार्रवाई, लंबित मामलों का समयबद्ध करें निपटारा :डीएसपी – Action Should Be Taken Seriously On Complaints, Pending Cases Should Be Disposed Of In A Timely Manner: Dsp

November 14, 2026


Action should be taken seriously on complaints, pending cases should be disposed of in a timely manner: DSP

बास थाना में रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं का जायजा लेते डीएसपी दिनेश कुमार। स्रोत : पुलिस
– फोटो : credit

बास। पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से डीएसपी दिनेश कुमार ने शुक्रवार को थाना बास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दर्ज मुकदमों, लंबित शिकायतों और जांच के अधीन मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस कर्मचारियों को शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशानुसार किए गए निरीक्षण के दौरान डीएसपी ने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, मालखाना और रिकॉर्ड रूम का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न रजिस्टरों और सरकारी अभिलेखों की जांच कर उनके उचित रखरखाव के निर्देश दिए। साथ ही मुकदमों की स्थिति और जांच की प्रगति की समीक्षा भी की।

डीएसपी ने थाने में आने वाले शिकायतकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ पुलिस कर्मचारियों के व्यवहार तथा शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष और नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। जांच के नाम पर किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय में उसका समाधान किया जाए।

अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने क्षेत्र में प्रभावी गश्त बढ़ाने, नाकाबंदी करने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। थाना परिसर में साफ-सफाई और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया।

डीएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने की नसीहत देते हुए कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं देने के साथ उनके प्रति शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करना भी जरूरी है। पुलिस का व्यवहार ही आमजन का विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X