गंगा में लगातार हो रहे हादसों के बावजूद घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हो सके हैं। नगर निगम ने बीते मई में हादसों की आशंका वाले 30 घाटों और स्थानों को ब्लैक स्पॉट घोषित किया था। 86 घाटों पर होने वाली पूजा में महज 40 जल पुलिस, 10 गोताखोरों और 10 स्थानीय मल्लाहों को तैनात किया जाएगा।
अब छठ पर्व पर इन घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु जुटेंगे। शाम को अस्ताचलगामी और अगली सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए लोग पानी में भी उतरेंगे। इसके बावजूद पानी की गहराई में जाने से रोकने के लिए न तो बांस या लोहे की बैरिकेडिंग कराई गई है और न ही जेटी लगाई गई है। घाटों पर केवल आंशिक सिल्ट सफाई कराकर जिम्मेदारी पूरी कर ली गई है।
ब्लैक स्पॉट चिह्नित घाटों पर नगर निगम और जल पुलिस की ओर से वैरिकेडिंग कराने और वॉच टावर से निगरानी की योजना बनाई गई थी। लेकिन 6 महीने बीतने के बाद भी यह योजना जमीन पर नहीं उतर सकी। सुरक्षा के नाम पर घाटों पर केवल चेतावनी और खतरे के निशान वाले बोर्ड लगाए गए हैं।