Pauri News:श्रीनगर व चौरास लाइब्रेरी में तीन लाख से अधिक पुस्तकें, 2.69 लाख ई-बुक्स – Srinagar And Chauras Libraries Have Over Three Lakh Books And 2.69 Lakh E-books
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि का पुस्तकालय तंत्र विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक शैक्षणिक एवं शोध सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। अकेले गढ़वाल विवि के श्रीनगर व चौरास पुस्तकालय में तीन लाख से अधिक पुस्तकें हैं जबकि तीनों परिसरों में 5.86 लाख से अधिक मुद्रित पुस्तकें, 2.69 लाख ई-बुक्स और 21,116 ई-जर्नल उपलब्ध हैं।
विवि की लाइब्रेरी में वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ओएनओएस) के तहत 13,806 ई-जर्नल सहित विभिन्न ऑनलाइन शोध संसाधनों की सुविधा है। इसके अलावा स्कोपस, इंडिया स्टैट, मनुपत्र, सीएमआईई इकोनॉमिक आउटलुक और नोटनुल हिंदी डेटाबेस सहित पांच डेटाबेस उपलब्ध हैं। शोध कार्यों में मौलिकता बनाए रखने के लिए आईथेंटिकेट, चेक-फॉर-प्लेगरिज्म और ड्रिलबिट जैसे एंटी-प्लेगरिज्म सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, लेखन के लिए ग्रामरली, गुणात्मक आंकड़ों के विश्लेषण के लिए एनवीवो-15 तथा मात्रात्मक विश्लेषण के लिए एसपीएसएस स्टैटिस्टिक्स वर्जन-31 की सुविधा भी है।
इसके साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित दस्तावेज परिवर्तन प्रणाली केआईबीओ 2.0 भी उपलब्ध है। पुस्तकालय के ई-संसाधनों का उपयोग विवि के सभी पुस्तकालयों के आईपी रेंज में बिना लॉगिन के 24 घंटे किया जा सकता है। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश की ओर से छात्रों को लाइब्रेरी की समुचित सुविधाएं देने के निर्देश हैं।
लाइब्रेरी में मौजूद है धार्मिक पुस्तकें
विवि की लाइब्रेरी में विभिन्न पाठयक्रमों की पुस्तकों के साथ ही धार्मिक पुस्तकें भी मौजूद हैं। लाइब्रेरी के प्रोफेशनल असिस्टेंट संजय गौतम ने बताया कि लाइब्रेरी में भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने के लिए महाभारत, रामायण, विभिन्न धर्मों के विश्वकोष, भगवतगीता, वेद पुराण, उपनिषद, स्वामी विवेकानंद का विश्वकोष, विभिन्न दर्शनों से सबंधित पुस्तकें भी हैं।
गढ़वाल विवि की लाइब्रेरी का बेहतर संचालन हो रहा है। विवि की लाइब्रेरी और स्मार्ट लाइब्रेरी हो। साथ ही रीडिंग रूम की क्षमता बढ़नी जरूरी है। इसके अलावा एनईपी पाठ्यक्रम के अंतर्गत लाइब्रेरी में पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध हों, जिससे छात्रों को इसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
हिमांशु भंडारी, अध्यक्ष, छात्र संघ, बिड़ला परिसर, गढ़वाल विवि।
