Mahoba News:भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री आज आगामी चुनाव की परखेंगे तैयारियां – Bjp National Secretary To Assess Preparations For The Upcoming Elections Today
महोबा। विधानसभा चुनाव वर्ष 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल रविवार को महोबा पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वह महोबा, चरखारी, राठ व हमीरपुर विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकें कर पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा व जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप ने बताया कि जगदीश पटेल का प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। बैठकों में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, बूथ स्तर पर मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा होगी। महोबा विधानसभा की बैठक सुबह नौ बजे व चरखारी की 10:40 बजे शुरू होगी। इसके बाद विधानसभा राठ की बैठक दोपहर 12:20 बजे और हमीरपुर की बैठक दोपहर तीन बजे होगी। प्रत्येक विधानसभा में दो सत्र आयोजित होंगे। पहले सत्र में पूर्व पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों जबकि दूसरे में वर्तमान पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। बैठकों में चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा निर्देश भी दिए जाएंगे।
