सर्दियों में ऐसे दुरुस्त रखें विंडशील्ड वाइपर, नहीं होगी ब्लेड खराब होने की टेंशन
Last Updated:
सर्दियों की सुबह कार स्टार्ट करते ही वाइपर चलाना आपको भारी पड़ सकता है. ओस और पाले के कारण विंडशील्ड से चिपकी वाइपर ब्लेड टूट सकती है, जिससे न सिर्फ मरम्मत का खर्च बढ़ेगा, बल्कि ड्राइविंग के दौरान विजिबिलिटी भी प्रभावित होगी. अगर आप भी अपनी कार को सर्दियों में सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो वाइपर की देखभाल के ये 5 आसान तरीके जरूर जान लें.
सर्दियों में विंडशील्ड वाइपर बेहतर रखने के टिप्स जान लीजिए.
सर्दियों के मौसम में कोहरा, ओस और पाला ड्राइविंग एक्सपीरियंस को थोड़ा मुश्किल बना देते हैं. ऐसे समय में कार की विंडशील्ड को साफ रखना सुरक्षित सफर के लिए बेहद जरूरी होता है, जिसमें विंडशील्ड वाइपर की भूमिका सबसे अहम होती है. लेकिन अक्सर देखा जाता है कि कम तापमान और ओस के कारण वाइपर की रबर ब्लेड सख्त हो जाती है या विंडशील्ड से चिपक जाती है.
सुबह के समय जब हम बिना ध्यान दिए वाइपर चालू करते हैं, तो ब्लेड फटने या वाइपर मोटर खराब होने का खतरा बढ़ जाता है. खराब वाइपर न केवल कांच पर खरोंच डालते हैं, बल्कि विजिबिलिटी कम होने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ाते हैं. थोड़ी सी सावधानी और सही रखरखाव से आप सर्दियों भर अपने वाइपर को दुरुस्त रख सकते हैं. आइए जानते हैं सर्दियों में विंडशील्ड वाइपर की देखभाल करने के कुछ आसान और असरदार उपाय.
वाइपर ब्लेड को ऊपर उठाकर रखें
सर्दियों में रात के समय गिरने वाली ओस और पाले के कारण वाइपर ब्लेड विंडशील्ड के कांच से चिपक जाते हैं. इससे बचने के लिए रात में कार पार्क करते समय वाइपर को ऊपर की ओर उठा दें. इससे ब्लेड कांच के संपर्क में नहीं रहेंगे और सुबह उनकी रबर खराब नहीं होगी.
सुबह सूखे कांच पर वाइपर न चलाएं
सुबह कार स्टार्ट करते ही सीधे वाइपर ऑन करने की गलती न करें. विंडशील्ड पर जमी ओस या धूल की परत ब्लेड की धार को नुकसान पहुंचा सकती है. पहले कार के डिफॉगर को ऑन करें या वॉशर फ्लूइड का इस्तेमाल करके कांच को गीला करें, उसके बाद ही वाइपर चलाएं.
विंडशील्ड वॉशर फ्लूइड का इस्तेमाल करें
सर्दियों में वॉशर टैंक में केवल सादा पानी भरने के बजाय अच्छी क्वालिटी का एंटी-फ्रीज विंडशील्ड वॉशर फ्लूइड मिलाएं. ये न केवल कांच पर जमी चिकनाई और कोहरे की परत को आसानी से साफ करता है, बल्कि अत्यधिक ठंड में पाइप के अंदर पानी को जमने से भी रोकता है.
रबर ब्लेड की रेगुलर क्लीनिंग करें
धूल और नमी के कारण वाइपर की रबर पर गंदगी जम जाती है. वीक में एक बार किसी मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़े को हल्के गुनगुने पानी या रबिंग अल्कोहल में भिगोकर वाइपर ब्लेड को पोंछें. इससे रबर मुलायम बनी रहेगी और कांच साफ करते समय आवाज नहीं करेगी.
समय पर ब्लेड बदलें
अगर वाइपर चलाने पर विंडशील्ड पर पानी की धारियां छूट रही हैं या रबर में दरारें दिख रही हैं, तो बिना देरी किए ब्लेड बदल लें. आमतौर पर हर 6 से 12 महीने में वाइपर ब्लेड बदल लेना सुरक्षित ड्राइविंग के लिए बेहतर माना जाता है.

राम मोहन मिश्र डिजिटल मीडिया के ऑटोमोटिव जगत में सक्रिय पत्रकार हैं और 2021 से लगातार ऑटो जर्नलिज्म के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. वर्तमान में वे न्यूज़18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर ऑटो डेस्क संभाल रहे…
और पढ़ें
