Balrampur News:अवैध निर्माण व जमीन कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे फरियादी – Complainants Arrived With Grievances Regarding Illegal Construction And Land Encroachment
बलरामपुर। जिले के 14 थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकांश फरियादी अवैध निर्माण और जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे। पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने पीड़ितों की शिकायतें सुनकर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
हरैया सतघरवा थाने में क्षेत्राधिकारी ललिया डीके श्रीवास्तव ने पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। हरैया निवासी अंगद राम ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि हज्जीपुरवा गांव में उनका खेत है, जहां विपक्षी द्वारा मिट्टी का खनन कराया जा रहा है। वहीं, रेहारपुरवा हिंडुली कला निवासी सुरेंद्र कुमार ने शिकायत की कि उनके खेत तक जाने के लिए चकमार्ग है, जिसे कुछ लोगों ने बंद कर दिया है। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक रामनिवास तिवारी, लेखपाल पंकज यादव, लवकुश यादव, राजकमल सिंह, जगराम कृष्णानंद मिश्र व अरीमा श्रीवास्तव मौजूद रहे।
गैसड़ी कोतवाली में दो मामले आए। रऊफ निवासी ओरीडीह बखरकोटवा ने ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। वहीं, भदुवा शंकरनगर निवासी बाबूलाल ने रास्ते के विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। निरीक्षक राजकुमार पांडेय ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर राजस्व टीम भेजी गई है।
पचपेड़वा थाने में तीन मामले आए, जो राजस्व से संबंधित थे। तिलकहना निवासी मोहम्मद सलीम ने फर्जी वसीयतनामा तैयार किए जाने की शिकायत की। वहीं, बरगदहा सोहना निवासी गुलाम अली ने आरोप लगाया कि विपक्षी ने फर्जी तरीके से संपत्ति अपने नाम करा ली है। उन्होंने बताया कि वह कई महीने से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। बैरिहवा निवासी हसन मोहम्मद ने गाटा संख्या की पैमाइश कराने की मांग की।
उधर, एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने कोतवाली नगर में शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण किया जाएगा। भूमि विवादों सहित अन्य मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
