रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊधम सिंह नगर

Udham Singh Nagar News:ढोल-दमाऊ और झांजर के संगीत पर झूम उठा दानपुर महोत्सव – Danpur Festival Comes Alive To The Music Of Dhol-damau And Jhanjar

November 15, 2026


शांतिपुरी। शांतिपुरी नंबर दो स्थित सत्संग आश्रम के मां नंदा देवी मंदिर प्रांगण में रविवार को चतुर्थ दानपुर महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। ढोल-दमाऊ और झांजर की मधुर धुनों के बीच दानपुर की पारंपरिक पोशाक में सजे गोगीना के युवा कलाकारों ने संयुक्त रूप से महोत्सव का शुभारंभ किया।

पहाड़ी लोक संस्कृति, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोकगीतों की ऐसी छटा बिखरी कि पूरा पंडाल दर्शकों की तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दर्जा राज्य मंत्री शंकर सिंह कोरंगा और दीपेंद्र कोश्यारी ने आयोजन में जुटे कार्यकर्ताओं और दर्शकों का आभार जताते हुए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दानपुर महोत्सव पर्वतीय संस्कृति, बोली और भाषा के संरक्षण का महत्वपूर्ण मंच है। यह पहाड़ और तराई के बीच सांस्कृतिक संगम के साथ आपसी प्रेम और भाईचारे को भी मजबूत करता है।

जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला ने समाज में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताई। उन्होंने लोगों से सजग रहने और अपने बच्चों को नशे से दूर रखने की अपील की। महोत्सव में दानपुर के प्रसिद्ध लोक गायक डॉ. अजय ढोढियाल, कैलाश कुमार, लोक गायिका पुष्पा देवी और उभरते कलाकार कमल मेहरा व ललित कपकोटी उर्फ बबलू ने एक से बढ़कर एक लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

ढोल वादक हीरा राम और शांतिपुरी नंबर चार के बाल कलाकारों की झांजर टोली ने भी शानदार प्रस्तुति दी। दानपुर की प्रसिद्ध न्योली और भगनौल गायिका पुष्पा देवी ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन भूपेंद्र कोरंगा और हिमांशु पांडा ने किया।

इस दौरान दानपुर समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष गोपाल रावत, सेवानिवृत्त सीएमओ डॉ. बीडी जोशी, विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद कोरंगा, जसपाल सिंह कोरंगा समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

——

समाजसेवियों और कलाकारों को मिला सम्मान

दानपुर जन कल्याण समिति की ओर से महोत्सव में समाजसेवा और लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया। कोरोना काल में लगातार जनसेवा और टीकाकरण अभियान में सहयोग करने वाले युवक मंगल दल के अध्यक्ष मोहन सिंह कोरंगा, प्रसिद्ध ढोल वादक हीरा राम और शांतिपुरी नंबर चार के झांजर बजाने वाले बाल कलाकारों को दानपुर रत्न सम्मान से नवाजा गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X