सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बुलंदशहर:बच्ची की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली; दरोगा भी घायल – Accused In Murder Of A Girl In Bulandshahr Arrested Following An Encounter
बुलंदशहर

बुलंदशहर:बच्ची की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली; दरोगा भी घायल – Accused In Murder Of A Girl In Bulandshahr Arrested Following An Encounter

November 16, 2026


बच्ची की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सिकंदराबाद पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। वहीं, आरोपी की फायरिंग में एक उपनिरीक्षक के बाएं हाथ में गोली लग गई, जबकि दूसरे उपनिरीक्षक के कान के पास से गोली निकल गई। घायल दरोगा और आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को सिकंदराबाद पुलिस और स्वाट टीम को हत्या के मामले में वांछित आरोपी रवि कुमार के संबंध में सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य और अन्य सामग्री बरामद करने के लिए पुलिस टीम उसे बताए गए स्थान पर लेकर पहुंची।

इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी और पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। अचानक हुई फायरिंग में एक उपनिरीक्षक के बाएं हाथ में गोली लग गई, जबकि दूसरी गोली दूसरे उपनिरीक्षक के कान के पास से निकल गई। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी रवि कुमार के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

7 नवंबर को बच्ची की हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रवि कुमार पुत्र राजू निवासी गांव कुंवरपुर तरौयन, थाना सौरिख, जिला कन्नौज पर सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में 7 नवंबर को एक बच्ची की हत्या करने का आरोप है। इस मामले में थाना सिकंदराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 1078/26 धारा 103(1), 238, 65(2) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

डबल बैरल तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का डबल बैरल तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X