ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शिव शक्ति नगर में सोमवार दोपहर एक मकान में चल रही नमकीन बनाने की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे कारखाने में काम कर रहे कर्मचारियों और नीचे रह रहे परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सभी ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।