MINI Cooper SE की बुकिंग शुरू, 27 नवंबर को मारेगी एंट्री; Paul Smith Edition भी आएगा
Last Updated:
लग्जरी इलेक्ट्रिक कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो MINI की नई पेशकश आपका ध्यान खींच सकती है. कंपनी ने नई MINI Cooper SE और खास Paul Smith Edition की प्री-लॉन्च बुकिंग शुरू कर दी है. 27 नवंबर को लॉन्च होने वाली इस इलेक्ट्रिक हैचबैक में 402 किलोमीटर तक की रेंज, दमदार परफॉर्मेंस और प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे. जानिए इसकी बैटरी, चार्जिंग, खास डिजाइन और संभावित कीमत से जुड़ी पूरी जानकारी.
MINI Cooper SE और Paul Smith Edition की प्री-बुकिंग शुरू हो गई है.
देश के लग्जरी और प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार मार्केट में MINI India नई पेशकश ला रही है. कंपनी ने सेकंड-जेनरेशन इलेक्ट्रिक हैचबैक MINI Cooper SE और स्पेशल Paul Smith Edition की प्री-लॉन्च बुकिंग ऑफिशियली शुरू कर दी है. इन दोनों मॉडलों को भारत में 27 नवंबर 2026 को लॉन्च किया जाएगा. इच्छुक ग्राहक कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या देशभर में मौजूद ऑथोराइज़्ड मिनी डीलरशिप के माध्यम से अपनी कार बुक कर सकते हैं.
जहां नई कूपर SE मॉडर्न इलेक्ट्रिक परफॉर्मेंस और आइकॉनिक रेट्रो डिजाइन का बेहतरीन मेल पेश करती है, वहीं पॉल स्मिथ एडिशन मशहूर ब्रिटिश फैशन डिजाइनर पॉल स्मिथ के साथ मिनी की पुरानी साझेदारी को सेलीब्रेट करती है. ये स्पेशल एडिशन कूपर एसई के साथ-साथ कूपर एस और कूपर कन्वर्टिबल मॉडलों में भी उपलब्ध होगा.
बैटरी, मोटर और रेंज
नई सेकंड-जेनरेशन मिनी कूपर एसई में 54.2 kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो फ्रंट-व्हील-ड्राइव (FWD) इलेक्ट्रिक मोटर को पावर देता है. ये मोटर 215 bhp की अधिकतम पावर और 330 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करती है. कंपनी के अनुसार, ये इलेक्ट्रिक हैचबैक महज 6.7 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 170 किमी/घंटा है.
एक बार फुल चार्ज होने पर ये कार 402 किलोमीटर (WLTP) तक की रेंज देने में सक्षम है. चार्जिंग के लिए ये 95 kW DC फास्ट चार्जर को सपोर्ट करती है, जिससे बैटरी 30 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है.
पॉल स्मिथ एडिशन की खासियत
ब्रिटिश डिजाइनर पॉल स्मिथ की ‘क्लासिक विद ए ट्विस्ट’ थीम पर बेस्ड इस स्पेशल एडिशन के एक्सटीरियर और इंटीरियर में 20 से ज्यादा एक्सक्लूसिव डिजाइन एलिमेंट्स शामिल किए गए हैं. इसे तीन खास कलर ऑप्शन- स्टेटमेंट ग्रे, इंस्पायर्ड व्हाइट और मिडनाइट ब्लैक मेटैलिक में पेश किया जाएगा. केबिन के अंदर सिग्नेचर कलरफुल स्ट्राइप्स और खास बैजिंग देखने को मिलेगी.
इंटीरियर और फीचर्स
नई कूपर एसई के केबिन में मिनिमलिस्ट और मॉडर्न लेआउट मिलता है. इसमें डैशबोर्ड के बीचों-बीच 9.45 इंच का राउंड OLED टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर का भी काम करता है. इसके अलावा कार में पैनोरमिक सनरूफ, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस फोन चार्जर, 360-डिग्री कैमरा और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे प्रीमियम सेफ्टी फीचर्स मिलने की उम्मीद है.
प्राइस और कंपटीशन
फिलहाल कंपनी ने कीमतों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन भारत में नई मिनी कूपर एसई की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 50 से 55 लाख रुपये के बीच रहने का अनुमान है. भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Volvo EX30, BMW iX1 और Hyundai Ioniq 5 जैसी प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारों से होगा.

राम मोहन मिश्र डिजिटल मीडिया के ऑटोमोटिव जगत में सक्रिय पत्रकार हैं और 2021 से लगातार ऑटो जर्नलिज्म के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. वर्तमान में वे न्यूज़18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर ऑटो डेस्क संभाल रहे…
और पढ़ें
