Uttarkashi News:एनआईएम में स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप का रोमांच, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित – Sport Climbing Championship Thrills At Nim, Winners Honored
उत्तरकाशी। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में आयोजित 30वीं आईएमएफ नॉर्थ जोन स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। आईएमएफ नॉर्थ जोन के चेयरमैन कर्नल अमित बिष्ट और एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एसएस राजपुरोहित ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 80 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
चैंपियनशिप में लीड क्लाइम्बिंग, स्पीड क्लाइम्बिंग और बोल्डरिंग की तीन विधाओं में मुकाबले हो रहे हैं। सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी अपनी तकनीक, शारीरिक क्षमता और साहस का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में चार पैरा-एथलीट भी हिस्सा ले रहे हैं।
पुरस्कार वितरण समारोह में एनआईएम के रजिस्ट्रार प्रवीण कुमार, मेजर आरएस जामनाल (सेवानिवृत्त), होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूरा, ट्रैकिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा आदि थे। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 18 नवम्बर को संपन्न होगी। आयोजन से उत्तर क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और स्पोर्ट क्लाइम्बिंग में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
