Balrampur News:परिषदीय विद्यालयों की अर्धवार्षिक परीक्षा में शामिल हुए 1.93 लाख परीक्षार्थी – 1.93 Lakh Students Appeared For The Half-yearly Examinations In Council-run Schools
बलरामपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार को अर्धवार्षिक परीक्षा शुरू हुई। पहले दिन जिले के 1815 विद्यालयों में परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल 1,93,167 परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया, जबकि 22,481 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। कक्षा एक के विद्यार्थियों ने सभी विषयों की मौखिक परीक्षा दी। वहीं, कक्षा दो और तीन के विद्यार्थियों को गणित के सवाल हल करने में मशक्कत करनी पड़ी, जबकि कक्षा चार, पांच और छह के विद्यार्थियों ने हिंदी का प्रश्नपत्र सरल बताया।
परीक्षा दो पालियों में कराई गई। पहली पाली में कक्षा एक के पंजीकृत 28,712 विद्यार्थियों में से 27,276 ने मौखिक परीक्षा दी। इसके अलावा कक्षा दो और तीन के विद्यार्थियों की गणित, कक्षा चार, पांच और छह के विद्यार्थियों की हिंदी तथा कक्षा सात और आठ के विद्यार्थियों की विज्ञान की परीक्षा हुई। छोटे बच्चों ने मौखिक परीक्षा में उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिए।
दूसरी पाली में कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों की संस्कृत और उर्दू विषय की परीक्षा कराई गई। दोनों पालियों में कक्षा दो से आठ तक की लिखित परीक्षा के लिए कुल 1,86,936 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,65,891 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 21,045 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
बीएसए विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सभी विद्यालयों में परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई और निर्धारित समय के अनुसार प्रश्नपत्र हल कराए गए। अर्धवार्षिक परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर और विषयवार समझ का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर कमजोर विषयों और अधिगम स्तर में सुधार के लिए आगे की शिक्षण गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
