Amethi News:गोमती पर बनेगा पक्का पुल, बेधड़क आवागमन करेंगे लोग – A Permanent Bridge Will Be Built Over The Gomti, Allowing People To Travel Across Without Any Hindrance
अमेठी सिटी। गोमती नदी के दोनों किनारों पर बसे अमेठी और सुल्तानपुर के गांवों के बीच अब दूरी घटने वाली है। मुसाफिरखाना के डंडेश्वर धाम के पास पीपे के पुल के नजदीक पक्का पुल बनाने की मंजूरी मिल गई है। थौरी-पिपरी मार्ग पर 880 मीटर लंबे इस सेतु के निर्माण पर करीब 32.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन ने पहली किस्त के रूप में करीब 11.41 करोड़ रुपये जारी करने की स्वीकृति दी है। पक्का पुल बनने से दोनों जिलों के 29 गांवों के लोगों को 12 से 18 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
अभी नदी के दोनों किनारों पर बसे गांवों के लोगों को एक-दूसरे के क्षेत्र में पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। थौरी, कोछित, पिपरी, उमरा, तिरहुत, डेहरियावां, कांपा, सैनी, पूरे जबर, पूरे सिद्धी, कोटवा, डीह, पारा और अरवल सहित कई गांवों के लोगों को इस परेशानी से गुजरना पड़ता है। बरसात में गोमती का जलस्तर बढ़ने पर पीपे का पुल हटाना पड़ता है। इससे कई दिनों तक आवागमन प्रभावित रहता है।
स्थायी पुल बनने से सालभर नदी पार करने का रास्ता उपलब्ध रहेगा। इसका लाभ किसानों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को मिलेगा। किसानों को खेतों और बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी। विद्यार्थियों का स्कूल-कॉलेज जाने का समय बचेगा। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी सहूलियत मिलेगी। डंडेश्वर धाम में दर्शन-पूजन करने वाले श्रद्धालुओं और सावन में जलाभिषेक के लिए आने वाले शिवभक्तों को भी लंबा रास्ता नहीं तय करना पड़ेगा।
लोक निर्माण विभाग के अभियंता रमेश कुमार ने बताया कि पुल निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। पहली किस्त जारी करने की मंजूरी भी दी गई है। निर्माण से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पूरी कराकर कार्य शुरू कराने की तैयारी की जा रही है।
दोनों जिलों के गांवों को मिलेगा लाभ
सुल्तानपुर जिले की ओर पिपरी, कांकरकोला, गौरापरानी, उमरा और कुंवासी समेत 29 गांवों के लोगों को परियोजना का लाभ मिलेगा। अमेठी की ओर कोछित, पूरबगांव और गाजनपुर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण भी सीधे जुड़ सकेंगे।
ग्रामीण बोले, वर्षों से की जा रही थी पुल की मांग
कोछित गांव के ग्रामीणों का कहना है कि गोमती पर पक्का पुल बनने की मांग वर्षों से की जा रही थी। सूर्यभान सिंह के मुताबिक पीपे का पुल हटने पर आवागमन की समस्या खड़ी हो जाती है। मनोज कुमार सिंह ने कहा कि स्थायी पुल बनने से लोगों का समय और ईंधन बचेगा। शिव दर्शन सिंह के अनुसार किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। रवींद्रमणि उपाध्याय ने कहा कि डंडेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा।
