Hardoi News:रेलवे स्टेशन पर युवक ने ओवरब्रिज से फंदा लगाकर दी जान – A Young Man Took His Own Life By Hanging Himself From An Overbridge At The Railway Station
हरदोई। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम एक युवक ने ओवरब्रिज पर गमछे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस युवक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की शाम को करीब 06:15 बजे प्लेटफार्म नंबर पांच पर नए ओवरब्रिज से एक युवक को लोगों ने फंदे से लटका देखा। युवक को गमछे से लटका देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंच गई। जीआरपी ने युवक को नीचे उतारा और उसकी तलाशी ली।
युवक के पास मिले आधार कार्ड के अनुसार उसकी पहचान अमन सोनी (25) गुजरात के गांधी नगर के रूप में हुई है। युवक के पास से कानपुर से हरदोई का एक बस टिकट भी मिला है। स्टेशन पर काम करने वाले मजदूरों के मुताबिक, युवक की एक महिला से कहासुनी हो रही थी। महिला के हाथ में एक छोटी बच्ची भी थी। कुछ देर बाद महिला वहां से चली गई। इसके बाद युवक ओवरब्रिज पर पहुंचा। कुछ समय बाद उसका शव ओवर ब्रिज से लटका मिला। जीआरपी प्रभारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि अभी परिजनों से बात नहीं हुई है। संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
