Maharajganj News:डीजे का शोर बढ़ा रहा मुसीबत बढ़ रहे विवाद, जा रही जान – Several Incidents Involving The Playing Of Dj Music Have Come To Light In The District Over The Past Few Months
महराजगंज। शादी-विवाह हो या धार्मिक आयोजन, जुलूस हो या पूजा पंडाल, डीजे का शोर अब मनोरंजन से आगे बढ़कर विवाद और हिंसा की वजह बनने लगा है। जिले में बीते कुछ महीनों के दौरान डीजे बजाने को लेकर कई घटनाएं सामने आई हैं।
कहीं तेज आवाज से परेशान लोगों ने प्रशासन से शिकायत की तो कहीं डीजे की आवाज बढ़ाने और गाड़ी आगे निकालने की होड़ में मारपीट और पथराव हुआ। बृजमनगंज के बैसार गांव में डीजे विवाद में बुजुर्ग की मौत ने इस समस्या की गंभीरता बढ़ा दी है। निचलौल में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए पथराव में थाना प्रभारी समेत कई लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद ध्वनि नियंत्रण के नियमों का पालन कराने की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ताजा मामला बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बैसार गांव का है। 16 नवंबर को छठ पूजा के दौरान डीजे की गाड़ी आगे निकालने और तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया, जिसमें श्रीकृष्ण गुप्ता की मौत हो गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। धार्मिक आयोजन में शुरू हुआ विवाद जानलेवा बन गया।
इससे पहले नौ नवंबर को निचलौल कस्बे में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे की आवाज बढ़ाने की होड़ ने हिंसक रूप ले लिया था। दो पक्षों के युवकों के बीच धक्का-मुक्की और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते पथराव होने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार राय समेत कई लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने दो डीजे संचालकों और दो आयोजकों समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
नियम तय लेकिन पालन कराना चुनौती : ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के तहत आवासीय क्षेत्र में दिन में अधिकतम 55 और रात में 45 डेसिबल ध्वनि सीमा निर्धारित है। व्यावसायिक क्षेत्र में यह सीमा दिन में 65 और रात में 55 डेसिबल है। शांत क्षेत्र में दिन में 50 और रात में 40 डेसिबल की सीमा लागू है। लाउडस्पीकर और सार्वजनिक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल के लिए लिखित अनुमति जरूरी है। सामान्य तौर पर रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक डीजे बजाने पर प्रतिबंध है।
विशेष अवसरों पर राज्य सरकार की अनुमति से साल में अधिकतम 15 दिन रात 12 बजे तक छूट दी जा सकती है। जिले में डीजे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है लेकिन आयोजनों के दौरान ध्वनि सीमा की जांच और नियमों के पालन की निगरानी कितनी हो रही है, यह बड़ा सवाल है। पुलिस और प्रशासन की ओर से संचालकों के सत्यापन, ध्वनि मापने और उल्लंघन पर कार्रवाई की नियमित व्यवस्था जरूरी है।
