शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
ददरी मेला :588 दुकानों और झूलों के लिए जमीन आवंटित – Dadri Mela: Land Allotted For 588 Stalls And Amusement Rides
बलिया

ददरी मेला :588 दुकानों और झूलों के लिए जमीन आवंटित – Dadri Mela: Land Allotted For 588 Stalls And Amusement Rides

November 19, 2026


बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले में कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान से पहले रौनक बढ़ने लगी है। भृगु मुनि के शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर लगने वाले इस मेले के मीना बाजार में गैर प्रांतों से व्यापारियों के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है।

चरखी, ब्रेक डांस, ड्रैगन झूले से लेकर चाट, पकौड़े और कपड़ों की दुकानें सजने लगी हैं। वहीं, नंदी ग्राम (पशु मेला) में हरियाणा और पंजाब से पहुंची मुर्रा नस्ल की भैंसें पशुपालकों और पशु प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। नगर पालिका ने मीना बाजार के चार ब्लॉकों में अब तक 588 दुकानों और झूलों के लिए जमीन आवंटित की है।

देश के विभिन्न प्रांतों से कीमती और आकर्षक मवेशियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। पशु प्रेमी मवेशियों को देखने, उनकी खूबियां जानने और तस्वीरें लेने के लिए पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर मीना बाजार में जमीन आवंटन और भूमिपूजन के बाद दुकानों को सजाने का काम तेज हो गया है।

सामान से लदे ट्रकों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से देर रात तक जारी है। व्यापारी कार्तिक पूर्णिमा से पहले दुकानों को तैयार करने में जुटे हैं। ददरी मेले के मीना बाजार को चार हिस्सों में बांटकर ए, बी, सी और डी ब्लॉक बनाए गए हैं। बृहस्पतिवार की शाम तक ए ब्लॉक में 288 दुकानों और 10 लट्ठा झूले के लिए जमीन आवंटित की गई थी। बी ब्लॉक में 100 दुकानों और झूलों के लिए जमीन दी गई। इसी तरह सी और डी ब्लॉक में 100-100 दुकानों के लिए भूमि आवंटित की गई है। शेष दुकानों के लिए आवंटन की प्रक्रिया जारी है। बड़ी चरखी, ब्रेक डांस, ड्रैगन और ट्रेन सहित छोटे-बड़े झूलों को लगाने के लिए मजदूर दिनभर काम करते नजर आए। वहीं, चाट, बर्गर, चाउमीन, जलेबी और डोसा की दुकानें भी सजने लगी हैं।

प्रयागराज से आए रिशु ठाकुर ने बताया कि वह पिछले 20-25 वर्षों से लगातार ददरी मेले में दुकान लगा रहे हैं। यहां चाट, चाउमीन, बर्गर, डोसा और जलेबी बेचते हैं। इस वर्ष प्रशासन की ओर से व्यापारियों को पूरा सहयोग मिल रहा है। शहर के अमृतपाली निवासी विजय चौरसिया ने बताया कि वह भी मेले में बर्गर, चाउमीन और डोसा की दुकान लगाते हैं।

ददरी मेला के मीना बाजार में झुला चर्खी लगाने में जुटे मजदूर।संवाद

ददरी मेला के मीना बाजार में झुला चर्खी लगाने में जुटे मजदूर।संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X