शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:मगध मेडिकल अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी की कार से शराब की खेप बरामद, डॉक्टरों के बीच सप्लाई की भी चर्चा – Magadh Medical Hospital Staff Car Foreign Liquor Seized Driver Arrested Owner Absconding Today Bihar News
गया

बिहार:मगध मेडिकल अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी की कार से शराब की खेप बरामद, डॉक्टरों के बीच सप्लाई की भी चर्चा – Magadh Medical Hospital Staff Car Foreign Liquor Seized Driver Arrested Owner Absconding Today Bihar News

November 19, 2026


गयाजी के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल से जुड़े एक स्वास्थ्यकर्मी की अल्टो कार से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद होने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, संबंधित स्वास्थ्यकर्मी पर अस्पताल के डॉक्टरों के बीच भी अवैध शराब का कारोबार करने का आरोप है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। गुरुवार देर शाम मगध मेडिकल थाना पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया, जबकि कार मालिक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब कार मालिक की तलाश के साथ-साथ शराब तस्करी के इस नेटवर्क की जांच में जुटी है।

अस्पताल परिसर में ‘एसआरएल’ (SRL) नामक कंपनी का संचालन करने वाले रमेश कुमार यादव की कार से शराब मिलने की सूचना के बाद अस्पताल कर्मियों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस के मुताबिक, मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में एक अल्टो कार से विदेशी शराब ले जाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए कार को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसमें से विदेशी शराब बरामद हुई। अब पुलिस शराब की मात्रा, कीमत और उसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

डॉक्टरों के बीच शराब सप्लाई करने की चर्चा

विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, संबंधित स्वास्थ्यकर्मी अस्पताल के कुछ डॉक्टरों के बीच भी कथित तौर पर अवैध शराब का कारोबार करता है। इस कथित नेटवर्क को लेकर अस्पताल परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, डॉक्टरों को शराब सप्लाई किए जाने के आरोप की पुष्टि पुलिस ने अब तक नहीं की है। इस पहलू की जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आ सकेगी।

अस्पताल में एसआरएल कंपनी का संचालन

फरार कार मालिक की पहचान रमेश कुमार यादव (पिता: सोनू यादव, निवासी: नीमा गांव, मगध मेडिकल थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश यादव अस्पताल परिसर में एसआरएल कंपनी का संचालन करने के साथ-साथ अस्पताल के अधीक्षक (सुपरिटेंडेंट) का डीलिंग क्लर्क भी है। उसकी कार से शराब की खेप मिलने से अस्पताल से जुड़े लोगों में यह मुख्य चर्चा का विषय बना हुआ है।

पहले भी विवादों में रही है कंपनी

गौरतलब है कि हाल ही में रमेश यादव की कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ खून बेचने के आरोप में मगध मेडिकल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब कंपनी से जुड़े व्यक्ति की कार से विदेशी शराब मिलने के बाद उसका नाम एक बार फिर विवादों में घिर गया है।

फिलहाल पुलिस फरार कार मालिक की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन शामिल है। पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा। इस संबंध में गयाजी के डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने बताया कि कार से अवैध शराब बरामद हुई है। कार चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह गाड़ी किसकी है और क्या इसका संबंध किसी स्वास्थ्यकर्मी से है, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X