शरमला-खलांटू सड़क पर चल रही ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर गिरने की जताई जा रही आशंका
हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हुआ, ठियोग पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के छैला क्षेत्र के शरमला में बुधवार देर शाम चेउ नाला के पास पहाड़ी से भारी पत्थर सड़क से गुजर रही कार पर गिर गए। इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पत्थरों की चपेट में आने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शरमला-खलांटू सड़क को चौड़ा करने के लिए पहाड़ी पर ब्लॉस्टिंग का कार्य चल रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप में पुलिस ने ठेकेदार और संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, कार नंबर एचपी09बी-1150 शरमला के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने लगे और सीधे कार पर आ गिरे। पत्थरों की चपेट में आने से वाहन में सवार दोनों व्यक्ति घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान संदेश पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव पोहल, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पत्थरों की चोट से संदेश के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, कार में सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय स्तर पर हादसे के पीछे शरमला-खलांटू सड़क पर चल रही ब्लॉस्टिंग को संभावित कारण बताया जा रहा है। आशंका है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान ब्लॉस्टिंग से पहाड़ी के पत्थर खिसककर सड़क पर आ गिरे और वहां से गुजर रही कार उनकी चपेट में आ गई। हालांकि, पत्थर ब्लॉस्टिंग के कारण गिरे या हादसे के पीछे कोई अन्य वजह रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ठियोग पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।