शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:कोहरे से पहले ही हाईवे पर हादसों का खतरा, बंद स्ट्रीट लाइट और अवैध कट बने मुसीबत – Risk Of Accidents On The Highway Even Before The Onset Of Fog; Non-functional Street Lights And Unauthorized Cuts In The Median Pose A Problem
रेवाड़ी

Rewari News:कोहरे से पहले ही हाईवे पर हादसों का खतरा, बंद स्ट्रीट लाइट और अवैध कट बने मुसीबत – Risk Of Accidents On The Highway Even Before The Onset Of Fog; Non-functional Street Lights And Unauthorized Cuts In The Median Pose A Problem

November 19, 2026


रेवाड़ी। कोहरे का मौसम शुरू होने से पहले ही शहर और हाईवे की बदहाल सड़कें वाहन चालकों की खतरा बनने लगी हैं। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर धारूहेड़ा से बावल तक कहीं खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण रात में अंधेरा पसरा रहता है तो कहीं अवैध कट तेज रफ्तार वाहनों के लिए हादसों का सबब बन रहे हैं।

विपुल गार्डन सोसायटी के पास पेट्रोल पंप के सामने बना कट और बावल की सड़कों पर गड्ढों की भरमार ने चिंता और बढ़ा दी है। ऐसे में कोहरे के दौरान इन रास्तों से गुजरना वाहन चालकों के लिए और भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर धारूहेड़ा क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। हाईवे पर दिन-रात बड़ी संख्या में भारी और हल्के वाहन गुजरते हैं। ऐसे में अंधेरे के कारण वाहन चालकों को सड़क की स्थिति, आसपास से गुजर रहे वाहनों और सड़क किनारे मौजूद गतिविधियों का अंदाजा लगाने में परेशानी होती है।

विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिम भरी बनी हुई है। बावल में भी गड्ढों की भरमार है।

एनएच पर विपुल गार्डन सोसाइटी के पास पेट्रोल पंप के सामने बना कट भी यातायात सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इस कट से वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए हाईवे पार करते हैं।

कई बार वाहन चालक बिना पर्याप्त दूरी का आकलन किए अचानक मुड़ जाते हैं। इससे पीछे से तेज गति में आ रहे वाहनों के सामने अचानक स्थिति पैदा हो जाती है और टक्कर का खतरा बढ़ जाता है।

सर्कुलर रोड की हालत खराब : शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली सर्कुलर रोड की हालत इन दिनों खराब है। शहर के इस प्रमुख मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दिनभर इस मार्ग से हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कई जगह सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है।

कोहरे से पहले सड़कें दुरुस्त करने की मांग

सेक्टर-1 निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि सर्कुलर रोड शहर का प्रमुख मार्ग है और दिनभर इस पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, विजय पाल ने बताया कि धारूहेड़ा क्षेत्र में हाईवे पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण रात के समय सफर करना मुश्किल हो जाता है। प्रशासन को कोहरा शुरू होने से पहले सड़कों की मरम्मत और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए।

वर्जन

राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध कटों की जांच की जा रही है। इसके बाद अवैध कट बंद कराए जाएंगे। हाईवे पर कई स्थानों पर बिजली केबल क्षतिग्रस्त होने और चोरी होने की समस्या सामने आई है। इन समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर नए बिजली कनेक्शन के लिए भी आवेदन किया गया है।-योगेश तिलक, परियोजना निदेशक, एनएचएआई।

बावल में टूटी हुई सड़क। संवाद

बावल में टूटी हुई सड़क। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X