टोहाना। समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर वीरवार को 80 लोग एसपी निकिता खट्टर की जनसुनवाई में पहुंचे। थाना सदर टोहाना स्थित पुराने डीएसपी कार्यालय में आयोजित इस जनसुनवाई के दौरान 32 शिकायतें दर्ज की गईं। इस पहल से लोगों को अपनी फरियाद लेकर जिला मुख्यालय फतेहाबाद जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है।
एसपी निकिता खट्टर ने शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ लोगों की शिकायतों का सम्मानपूर्वक निपटारा करना भी है। प्रत्येक फरियादी के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए।
उन्होंने बताया कि टोहाना क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए हर वीरवार दोपहर 12 से 2 बजे तक पुराने डीएसपी कार्यालय में जनसुनवाई की जाती है। इससे लोग अपने क्षेत्र में ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के सामने समस्याएं रख सकते हैं।
——
एसडीएम ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
रतिया। एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने वीरवार को उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन संवाद पोर्टल एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जाए। संवाद