पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर यूपी पुलिस में एसआई के पद पर नई भर्ती का नोटिस वायरल हो रहा था। इससे अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति बन रही थी। इस नोटिस में दावा किया गया था कि भर्ती बोर्ड ने यूपी पुलिस में एसआई के 3,212 पदों पर अधियाचन प्राप्त हुआ है। इस पर भर्ती बोर्ड ने स्थित साफ करते हुए स्पष्टीकरण जारी किया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के कुल 3,212 पदों पर अधियाचन प्राप्त होने से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पत्र का खंडन किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह पत्र भ्रामक, कूटरचित और पूरी तरह असत्य है। बोर्ड की ओर से 19 नवंबर को आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी सूचना में अभ्यर्थियों को आगाह किया गया है कि वे इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।

अभ्यर्थी भर्ती से जुड़ी सही जानकारी कहां देखें?
भर्ती बोर्ड ने कहा है कि किसी भी प्रकार की प्रामाणिक और अद्यतन जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का ही इस्तेमाल करें।
अभ्यर्थी इन माध्यमों पर जानकारी देख सकते हैं:
- आधिकारिक वेबसाइट: uppbpb.gov.in
- आधिकारिक एक्स हैंडल: @uppprpb
बोर्ड ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे अपुष्ट पत्रों और दावों के आधार पर भर्ती से जुड़ा कोई निष्कर्ष न निकालें।
भर्ती बोर्ड ने क्या अपील की?
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहें और भर्ती संबंधी किसी भी अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट तथा एक्स हैंडल पर जारी सूचनाओं को ही मान्य समझें।