शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
यमुनानगर

Yamuna Nagar News:बाइक सवार बदमाशों ने महिला से कैरी बैग छीना – Bike-borne Miscreants Snatched A Carry Bag From A Woman

November 20, 2026


यमुनानगर। थाना छप्पर क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने दिनदहाड़े एक महिला का कैरी बैग छीनकर भाग गए। वारदात छप्पर बाजार में तलाकौर रोड की तरफ जाने वाले रास्ते पर हुई। बैग में मोबाइल फोन, पांच हजार रुपये और आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव मुलाना निवासी रचना देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह किसी काम से छप्पर बाजार आई हुई थी। सुबह करीब 10 बजे वह बाजार से तलाकौर रोड की तरफ जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपियों ने अचानक उसके हाथ से कैरी बैग छीन लिया। इसके बाद दोनों युवक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

रचना देवी के अनुसार, कैरी बैग में उसका मोबाइल फोन, पांच हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, फैमिली आईडी और बैंक की पासबुक रखी हुई थी। अचानक हुई इस वारदात से वह घबरा गई। आरोपियों के फरार होने के बाद उसने पुलिस को मामले की शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की।

थाना प्रभारी प्रमोद वालिया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। वारदात को अंजाम देने वाले युवकों को पकड़ने के लिए जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X