Charkhi Dadri News:बेरला में रेलवे स्टेशन बनवाने की मांग के लिए सांसद को सौंपा मांग-पत्र – Memorandum Submitted To The Member Of Parliament Demanding The Construction Of A Railway Station In Berla
बाढड़ा। भिवानी-महेंद्रगढ़ क्षेत्र को दिल्ली से रेलमार्ग के माध्यम से जोड़ने के लिए प्रस्तावित फर्रुखनगर-लोहारू रेलवे लाइन पर गांव बेरला में स्टेशन निर्माण की मांग के लिए 10 गांवों के ग्रामीणों की ओर से गठित कमेटी ने सांसद धर्मबीर सिंह को मांग-पत्र सौंपा। सांसद ने नई रेलवे लाइन को क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी बताते हुए बेरला में रेलवे स्टेशन बनवाने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को पत्र लिखने का आश्वासन दिया है।
गांव बेरला निवासी राजेंद्र सिंह और पूर्व सरपंच जोगेंद्र सिंह की अगुवाई में ग्रामीणों ने गांव कादमा में सांसद से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि फर्रुखनगर से लोहारू तक प्रस्तावित नई रेलवे लाइन के रूट पर बेरला में स्टेशन बनाना क्षेत्र के हित में बेहद जरूरी है। इस मांग के लिए दो दिन पहले बेरला के मुख्य चौक पर आसपास के 10 गांवों के ग्रामीणों ने पंचायत की थी। इसमें रेलवे स्टेशन निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का निर्णय लिया गया था।
आमजन को मिलेगा फायदा
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि बेरला क्षेत्र का सबसे बड़ा गांव होने के साथ कस्बे के रूप में विकसित हो रहा है। व्यापारिक और सामाजिक दृष्टि से भी यह प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां रेलवे स्टेशन बनने से विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
ग्रामीणों ने कहा कि फर्रुखनगर-लोहारू रेलवे लाइन क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। बेरला की आबादी, भौगोलिक स्थिति और आसपास के गांवों से इसके जुड़ाव को देखते हुए यहां स्टेशन का निर्माण जनहित में उचित होगा। इस मांग को सरकार और रेलवे विभाग के सामने मजबूती से रखने के लिए कमेटी गठित की गई है।
इस अवसर पर पूर्व सूबेदार दुलीचंद, पूर्व सूबेदार राजेंद्र, लिहाज सिंह, जितेंद्र , सरपंच अशोक कुमार, मनोज , सरपंच प्रदीप कुमार, पूर्व सरपंच कृष्ण, नरेंद्र और जोगेंद्र आदि मौजूद रहे।
