शाहजहांपुर। सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव बड़ा पैना बुजुर्ग में बृहस्पतिवार को दिन में तेज रफ्तार बाइक चलाने से टोकने के मामले ने रात में हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में ताऊ सुमित और भतीजा दीपक गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां से गंभीर हालत में दीपक को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, खाना खाने के बाद दीपक और सुमित टहलने निकले थे। इसी दौरान दिन में हुई कहासुनी को लेकर दूसरे पक्ष ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान लाइसेंसी रायफल से फायरिंग की गई। 18 वर्षीय दीपक के पेट और 36 वर्षीय सुमित की पीठ में गोली लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बृहस्पतिवार दोपहर दीपक तेज गति से बाइक लेकर गली से निकल रहा था। इस पर अंशुमान मिश्रा ने उसे टोकते हुए बाइक धीमी चलाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। शाम करीब सात बजे दीपक अपने साथियों के साथ अंशुमान के घर बातचीत करने पहुंचा था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अंशुमान ने लाइसेंसी रायफल से फायरिंग कर दी।
एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

गोली से घायल दीपक। स्रोत: वीडियो ग्रेब

गोली से घायल दीपक। स्रोत: वीडियो ग्रेब