शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बांदा

Banda News:सर्दी बढ़ी तो स्मॉग ने भी बढ़ाई मुश्किल, सुबह की सैर सेहत पर पड़ सकती है भारी – As The Cold Intensifies, Smog Adds To The Challenges; Morning Walks Could Prove Detrimental To Your Health

November 20, 2026


= सुबह सात बजे एक्यूआई 329, शाम को घटकर 165 पर पहुंचा

= चिकित्सकों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की दी सलाह

अमर उजाला ब्यूरो

बांदा। मौसम में धीरे-धीरे ठंडक बढ़ने लगी है। सुबह और शाम सर्दी का अहसास होने लगा है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। इसके साथ ही स्मॉग की समस्या भी बढ़ रही है। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे बांदा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 329 दर्ज किया गया। यह बेहद खराब श्रेणी में है। ऐसे में सुबह की सैर सेहत सुधारने के बजाय नुकसान पहुंचा सकती है। हालांकि शाम को एक्यूआई घटकर 165 पर आ गया।

बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को ठंड महसूस हुई। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने पर राहत मिली। दूसरी ओर, ठंडक बढ़ने के साथ हवा में प्रदूषण और स्मॉग की समस्या लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। दिवाली के बाद से ही जिले में वायु गुणवत्ता का स्तर लगातार खराब बना हुआ है। ऐसे में सुबह और शाम खुले में व्यायाम और सैर करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है। चिकित्सक प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क लगाने की सलाह दे रहे हैं।

जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. हृदेश पटेल ने बताया कि सर्दी को हल्के में न लें। सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें। थोड़ी सी लापरवाही भी बीमारी की वजह बन सकती है। बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। ठंड और प्रदूषण दोनों से बचाव जरूरी है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की बात कही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X