मध्यप्रदेश:कौन हैं Ips अभिजीत रंजन, जिनके खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जांच के लिए लिखा पत्र – Madhya Pradesh: Who Is Ips Abhijeet Ranjan, Under Home Ministry’s Probe Scanner?
November 20, 2026

आईपीएस अभिजीत रंजन
विस्तार
मध्यप्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी अभिजीत रंजन एक बार फिर चर्चा में हैं। कटनी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रहते हुए महिला अधिकारी से जुड़े विवाद के कारण सुर्खियों में आए रंजन के खिलाफ अब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शिकायत पर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में मंत्रालय ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा हैं। शिकायत जबलपुर के आधारताल स्थित जयप्रकाश नगर निवासी राजकुमार सोनी ने की है। उन्होंने 25 अक्टूबर 2026 को गृह मंत्रालय में शिकायत भेजी थी। शिकायत में मुख्य बात अभिजीत रंजन की लंबित जांच को लेकर बताई जा रही हैं। यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि रंजन को जून 2025 में कटनी एसपी के पद से हटाया गया था। उस समय महिला अधिकारी से जुड़े विवाद के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर यह प्रशासनिक बदलाव किया गया था।
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: भोपाल में महिला हॉकी का महाकुंभ शुरू, छह देशों की टीमें भिड़ेंगी; 28 नवंबर तक चलेगा रोमांच
दार्जिलिंग से पढ़ाई, दिल्ली यूनिवर्सिटी से डिग्री
अभिजीत कुमार रंजन 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई दार्जिलिंग के सेंट पॉल स्कूल और पटना के आरएमआर स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में परास्नातक की पढ़ाई की। आईपीएस बनने के बाद उनकी शुरुआती पोस्टिंग ग्वालियर में रही। इसके बाद उन्होंने रीवा, उज्जैन और सिंगरौली में सेवाएं दीं। मार्च 2023 में उन्हें कटनी का पुलिस अधीक्षक बनाया गया। जून 2025 में विवाद के बाद उन्हें इस पद से हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया।
ये भी पढ़ें- त्विषा शर्मा मौत मामला: CBI ने जांच के लिए मांगे 60 दिन, कोर्ट ने 90 दिन की जांच का ब्योरा मांगा
कटनी में महिला अधिकारी से जुड़े विवाद में आए थे चर्चा में
कटनी में अभिजीत रंजन का नाम तत्कालीन सीएसपी ख्याति मिश्रा और उनके पति तहसीलदार शैलेंद्र बिहारी शर्मा के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद के दौरान सामने आया था। शैलेंद्र शर्मा ने तत्कालीन एसपी रंजन पर धमकी देने और उनकी पत्नी को परेशान करने जैसे आरोप लगाए थे। उन्होंने पुलिस पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट के आरोप भी लगाए थे। दूसरी ओर, ख्याति मिश्रा ने अपने पति पर मानसिक प्रताड़ना और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। अभिजीत रंजन ने भी खुद पर लगाए गए आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि उन्हें पति-पत्नी के निजी विवाद में अनावश्यक रूप से घसीटा जा रहा है। इस घटनाक्रम के बाद 1 जून 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी एसपी अभिजीत रंजन सहित चार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को उनके मौजूदा पदों से हटाने के निर्देश दिए थे।
ये भी पढ़ें- एमपी: मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए भारत का पहला स्वदेशी टीका तैयार, शिवराज आज भोपाल में करेंगे लॉन्च
अब इस शिकायत पर होगी जांच
जबलपुर निवासी राजकुमार सोनी की 25 अक्टूबर को की गई शिकायत पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 12 नवंबर को मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। अब राज्य सरकार को शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई करनी है।
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: एमपी के नए डीजीपी के चयन के लिए आज दिल्ली में बैठक, तीन अधिकारियों के नामों का पैनल बनेगा
